लखीसराय : विश्व विरासत सप्ताह के छठे दिन मंगलवार को आयोजित विरासत यात्रा में स्कूली छात्र-छात्राओं का उत्साह देखने को मिला। लखीसराय संग्रहालय की ओर से आयोजित इस यात्रा के दौरान विद्यार्थियों ने बालगुदर गढ़ टीला, अटल कला भवन, अशोकधाम, राहोगढ़ टीला और शिवगंगा परिसर का भ्रमण कर क्षेत्र की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत से परिचित हुए। यात्रा के समापन पर विद्यार्थियों को ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण का संकल्प भी दिलाया गया।
कार्यक्रम का आयोजन लखीसराय संग्रहालय की ओर से किया गया। सहायक संग्रहालयाध्यक्ष डॉ. दिलीप कुमार, तकनीकी सहायक राजेश कुमार और समन्वयक शिक्षक पीयूष कुमार झा की देखरेख में विभिन्न विद्यालयों के दर्जनों छात्र-छात्राओं ने इसमें भाग लिया। इनमें मध्य विद्यालय बालगुदर, उत्क्रमित मध्य विद्यालय गोविंदबीघा, लाल इंटरनेशनल स्कूल लखीसराय, मध्य विद्यालय गंगासराय और कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय रजौना चौकी के विद्यार्थी शामिल थे। विद्यार्थियों ने हाथों में धरोहर संरक्षण से जुड़े नारों की तख्तियां लेकर लखीसराय संग्रहालय से विरासत यात्रा शुरू की। यात्रा बालगुदर गढ़ टीला, अटल कला भवन, अशोकधाम और राहोगढ़ टीला होते हुए स्थानीय शिवगंगा परिसर पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान विद्यार्थियों ने ऐतिहासिक स्थलों को करीब से देखा और उनके महत्व को समझा।
शिवगंगा परिसर में शुभकरण त्रिवेणी कनोडिया वेद विद्यापीठ के बटुकों ने मंगलाचरण और स्वस्तिवाचन के माध्यम से यात्रा में शामिल छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों का स्वागत किया। इस अवसर पर सहायक संग्रहालयाध्यक्ष डॉ. दिलीप कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि ऐतिहासिक धरोहरों का संरक्षण करना हम सभी का नैतिक दायित्व है। आसपास मिलने वाले पुरावशेषों को संग्रहालय को सौंपना चाहिए, ताकि उनका उचित तरीके से संरक्षण किया जा सके। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को विरासत संरक्षण का संकल्प दिलाया गया। इस अवसर पर प्रधानाध्यापक वासुकीनाथ सिंह, शिक्षक आनंद कुमार, ललन कुमार सहित संग्रहालय के सभी कर्मी उपस्थित रहे। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इसके बाद विद्यार्थियों के बीच अल्पाहार वितरित किया गया।
















