आरडीएस कॉलेज में वॉलीबॉल टीम के लिए ओपन ट्रायल, खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

  • Post By Admin on Oct 10 2026
आरडीएस कॉलेज में वॉलीबॉल टीम के लिए ओपन ट्रायल, खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

मुजफ्फरपुर : विश्वविद्यालय की वॉलीबॉल टीम के गठन के लिए शनिवार, 10 अक्टूबर 2026 को आरडीएस कॉलेज में ओपन ट्रायल का आयोजन किया गया। इसमें आरडीएस कॉलेज, एलएस कॉलेज, एलएनटी कॉलेज सहित विभिन्न महाविद्यालयों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। ट्रायल के दौरान खिलाड़ियों ने अपने खेल कौशल का प्रदर्शन किया, जिसके आधार पर विश्वविद्यालय की टीम के लिए खिलाड़ियों का चयन किया गया। चयन से संबंधित सूचना विश्वविद्यालय के खेल विभाग को भेज दी गई है।

ओपन ट्रायल का शुभारंभ आरडीएस कॉलेज के प्राचार्य प्रो. शशिभूषण कुमार ने वॉलीबॉल को नेट के ऊपर उछालकर किया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल में हार और जीत लगी रहती है, लेकिन खेल भावना सबसे महत्वपूर्ण होती है। खिलाड़ियों को पूरी निष्ठा, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ खेलना चाहिए। उन्होंने खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन करने और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। विभिन्न महाविद्यालयों से आए खिलाड़ियों की भागीदारी ने ट्रायल को प्रतिस्पर्धात्मक बनाया। इस आयोजन का उद्देश्य विश्वविद्यालय की वॉलीबॉल टीम के लिए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन करना था।

कार्यक्रम के अवसर पर विश्वविद्यालय के खेल सचिव डॉ. अशोक कुमार साह, एलएस कॉलेज के खेल प्रतिनिधि राजेश अनुपम, डॉ. रजनीकांत पांडे, डॉ. नीरज कुमार मिश्र, डॉ. भगवान कुमार, डॉ. अमरज्योति रंजन, रविशंकर कुमार और करुणेश सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।