लखीसराय : जिले में युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मंगलवार को आयोजित नियोजन-सह-व्यावसायिक मेले में 221 अभ्यर्थियों का चयन किया गया। मेले में विभिन्न निजी कंपनियों और नियोजकों के समक्ष कुल 817 अभ्यर्थियों ने अपने बायोडाटा जमा किए। कार्यक्रम का उद्घाटन बिहार सरकार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर 21 अभ्यर्थियों के बीच स्टडी किट का भी वितरण किया गया।
युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के अंतर्गत जिला नियोजनालय, लखीसराय की ओर से 24 नवंबर को एक दिवसीय मेले का आयोजन किया गया। उद्घाटन समारोह में नगर परिषद लखीसराय के उपाध्यक्ष शंकर राम, नियोजन विभाग के उप निदेशक शंभूनाथ सुधाकर, जिला कृषि पदाधिकारी, जिला नियोजन पदाधिकारी और राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के उप प्राचार्य उपस्थित रहे। मेले को संबोधित करते हुए कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं को अपनी योग्यता और कौशल के अनुरूप अवसरों का लाभ उठाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार और कौशल विकास के अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अभ्यर्थियों को आत्मनिर्भर बनने और निरंतर प्रयास करते रहने के लिए प्रेरित किया।
मेले में सेवा क्षेत्र की शंकर मोटर्स, क्वेस कॉर्प, धम्मा सर्विसेज, नेटअम्बिट और युवेक्स सर्विसेज जैसी कंपनियों ने भाग लिया। इसके अलावा सुरक्षा क्षेत्र की ट्रिपल कैनोपी सिक्योरिटी सर्विसेज, बैंकिंग एवं वित्तीय क्षेत्र की एलआईसी, उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक, भारत फाइनेंस इंक्लूजन लिमिटेड और सत्या माइक्रोकैपिटल तथा शिक्षा क्षेत्र के माउंट लिटरा जी स्कूल और नाथ पब्लिक स्कूल सहित कई नियोजक शामिल हुए। इन संस्थानों ने विभिन्न पदों के लिए अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लेकर चयन प्रक्रिया पूरी की। मेले में रोजगार के साथ-साथ स्वरोजगार और कौशल प्रशिक्षण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। आरसेटी, सामाजिक सुरक्षा कोषांग, जिला निबंधन-सह-परामर्श केंद्र, जिला उद्योग केंद्र, श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग तथा औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान की ओर से कुल 282 अभ्यर्थियों को विभागीय योजनाओं, रोजगारपरक प्रशिक्षण और स्वरोजगार के अवसरों के बारे में बताया गया।
कार्यक्रम के दौरान विभागीय नियोजन-सह-मार्गदर्शन कार्यक्रम के तहत कृषि मंत्री ने 21 अभ्यर्थियों को स्टडी किट प्रदान की। उन्होंने चयनित अभ्यर्थियों सहित मेले में पहुंचे युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उन्हें मेहनत तथा कौशल विकास के जरिए आगे बढ़ने का संदेश दिया। इस अवसर पर कनीय सांख्यिकी सहायक राहुल कुमार, जिला कौशल प्रबंधक मनीष कुमार, अनुदेशक सुरेंद्र कुमार चौधरी, जिला निबंधन-सह-परामर्श केंद्र के जिला प्रबंधक, लिपिक मुकेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि, नियोजक और बड़ी संख्या में रोजगार इच्छुक अभ्यर्थी मौजूद रहे।
















