लखीसराय : विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने के लिए प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी है। इस प्रक्रिया में पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में जोड़ने और अपात्र नामों को हटाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। दावा और आपत्ति दर्ज कराने की अंतिम तिथि 11 दिसंबर 2026 निर्धारित की गई है, जबकि अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को होगा।
इस संबंध में मंगलवार को समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में मुंगेर प्रमंडल के आयुक्त प्रेम सिंह मीणा की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार सहित संबंधित पदाधिकारी और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक में आयुक्त ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित नहीं रहना चाहिए और किसी भी अपात्र व्यक्ति का नाम सूची में शामिल नहीं होना चाहिए। इसके लिए निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों और सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया।
पुनरीक्षण अभियान के तहत विशेष अभियान दिवस 21 और 22 नवंबर तथा 5 और 6 दिसंबर 2026 को निर्धारित किए गए हैं। इन दिनों सभी मतदान केंद्रों पर आवश्यक प्रपत्रों के साथ संबंधित पदाधिकारियों और बूथ स्तरीय अधिकारियों (बीएलओ) की उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। आयुक्त ने दावा-आपत्तियों के लंबित आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निष्पादन करने पर भी जोर दिया। बैठक में मतदाता सूची में लिंगानुपात और निर्वाचक जनसंख्या अनुपात में सुधार का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। आयुक्त ने योग्य महिलाओं, युवतियों, छात्राओं और 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के नए मतदाताओं का पंजीकरण सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से भी मतदाता जागरूकता और पंजीकरण अभियान में सहयोग करने की अपील की। आयुक्त ने निर्वाचन संबंधी अभिलेखों को व्यवस्थित रखने, ईआरओनेट पोर्टल पर प्राप्त दावों और आपत्तियों का समय पर निष्पादन करने तथा सभी मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में बताया गया कि प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 12 नवंबर 2026 को किया जा चुका है। इसके बाद 11 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। इनका निष्पादन 28 दिसंबर तक पूरा करने का लक्ष्य है। इसके बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। बैठक में अपर समाहर्ता नीरज कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, भूमि सुधार उपसमाहर्ता राहुल कुमार, नजारत उपसमाहर्ता प्राची कुमारी, जिला पंचायती राज पदाधिकारी पम्मी रानी सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
















