मुजफ्फरपुर : बिहार और झारखंड के सिनेमाघरों में भोजपुरी फिल्म ‘ढिंढोरा’ का प्रदर्शन जारी है। फिल्म को दर्शकों की सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है और कई सिनेमाघरों में हाउसफुल शो चलने का दावा किया जा रहा है। रामा गणेश फिल्म्स के बैनर तले बनी यह फिल्म धनबाद, गिरिडीह, बोकारो, मुजफ्फरपुर, चकिया, बेगूसराय, डेहरी ऑन सोन, गया और भागलपुर सहित बिहार-झारखंड के कई शहरों में रिलीज की गई है।

फिल्म की कहानी तीन दोस्तों के इर्द-गिर्द घूमती है, जो आवारागर्दी करते हैं और अमीर बनने का सपना देखते हैं। इसके लिए वे तरह-तरह के रास्ते अपनाते हैं। बाद में उनकी नजर अमीर परिवार की बेटियों से शादी कर संपन्न बनने पर टिक जाती है। हास्य और मनोरंजन से भरपूर इस फिल्म में कॉमेडी के साथ एक्शन, पारिवारिक ड्रामा और रोमांस का भी समावेश किया गया है। फिल्म को साफ-सुथरे पारिवारिक मनोरंजन के रूप में प्रस्तुत किया गया है। फिल्म में मुख्य भूमिकाओं में आदर्श आनंद, राज सोनी और रमेश साहनी नजर आ रहे हैं। ये तीनों सोशल मीडिया के चर्चित इन्फ्लुएंसर हैं और इनके वीडियो को देशभर में बड़ी संख्या में लोग देखते हैं। फिल्म में प्रियंका महाराज, धर्मेंद्र सम्राट, वीरू प्रताप सिंह, चांदनी क्वीन (कबूतरी), चांदनी क्वीन (झबरी), विनोद मिश्रा और देवेंद्र कुमार पाठक सहित अन्य कलाकारों ने भी अभिनय किया है।

फिल्म के लेखक एवं निर्देशक अनिल कमल चौहान ने दर्शकों से मिल रही प्रतिक्रिया पर खुशी जाहिर की है। उन्होंने अपील की है कि दर्शकों का जो प्यार फिल्म को मिल रहा है, वह आगे भी बना रहे और अधिक से अधिक लोग सिनेमाघरों में पहुंचकर फिल्म देखें। अनिल कमल चौहान इससे पहले भी कई फिल्मों का निर्देशन कर चुके हैं। उनकी फिल्मों में नवोदित कलाकारों को अभिनय का अवसर दिया जाता रहा है। भोजपुरी फिल्म उद्योग में नए कलाकारों को मंच देने की उनकी यह पहल एक नई सोच के रूप में देखी जा रही है। उनका प्रयास नए चेहरों को पहचान दिलाने और भोजपुरी सिनेमा को नए कलाकार देने की दिशा में है। फिल्म की निर्मात्री मैडम के.के. हैं। निर्देशन अनिल कमल चौहान ने किया है, जबकि छायांकन अमिताभ चंद्रा और संवाद लेखन राजा ठाकुर का है।