मुजफ्फरपुर : स्वतंत्रता सेनानी मगफूर अहमद अजाजी के जीवन, योगदान और स्वतंत्रता संग्राम में उनकी भूमिका को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की दिशा में नितीश्वर महाविद्यालय की अतिथि प्राध्यापक डॉ. रीना झा की पहल को बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन (सेवानिवृत्त) ने सराहनीय बताया है। उन्होंने डॉ. झा द्वारा तैयार डॉक्यूमेंट्री और ई-पेपर साझा करने के प्रयास की प्रशंसा करते हुए इसे स्वतंत्रता सेनानियों की विरासत के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।

राज्यपाल ने 15 नवंबर 2026 को भेजे गए पत्र में डॉ. रीना झा के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रयास भारत के स्वतंत्रता संग्राम में बिहार के महत्वपूर्ण योगदान के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने में मददगार साबित होते हैं। साथ ही, स्वतंत्रता सेनानियों के जीवन और संघर्ष को संरक्षित कर व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाने के लिए उन्होंने डॉ. झा को शुभकामनाएं दीं।

राज्यपाल की सराहना पर नितीश्वर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रमोद कुमार ने प्रसन्नता जताई। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय की शिक्षिका के शैक्षणिक और शोधपरक कार्यों को राज्यपाल से प्रशंसा मिलना पूरे महाविद्यालय परिवार के लिए गौरव की बात है। इतिहास केवल अतीत की घटनाओं का संकलन नहीं, बल्कि राष्ट्र की चेतना, अस्मिता और विरासत का संवाहक भी है। मगफूर अहमद अजाजी जैसे स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को शोध, डॉक्यूमेंट्री और डिजिटल माध्यमों से नई पीढ़ी तक पहुंचाना बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने विश्वास जताया कि डॉ. रीना झा की पहल महाविद्यालय की अकादमिक और शोध गतिविधियों को नई पहचान देगी। साथ ही उन्हें इस उपलब्धि पर बधाई दी।

बिहार विश्वविद्यालय अतिथि प्राध्यापक संघ के अध्यक्ष डॉ. ललित किशोर ने भी राज्यपाल द्वारा डॉ. रीना झा के कार्यों की सराहना किए जाने पर खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल एक शिक्षिका के व्यक्तिगत शोध प्रयासों की स्वीकृति नहीं है, बल्कि अतिथि प्राध्यापकों की अकादमिक क्षमता, रचनात्मकता और सामाजिक दायित्वों का भी सम्मान है। डॉ. ललित किशोर ने कहा कि अतिथि प्राध्यापक शिक्षण कार्य के साथ-साथ इतिहास, संस्कृति, शोध और लेखन के माध्यम से समाज में बौद्धिक जागरूकता बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। डॉ. रीना झा का प्रयास अन्य शिक्षकों और शोधार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा। उन्होंने डॉ. झा को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि वे आगे भी इतिहास के अनछुए पहलुओं को सामने लाने और बिहार के गौरवशाली स्वतंत्रता संग्राम की विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का काम जारी रखेंगी।