लखीसराय : सिख धर्म के संस्थापक गुरु नानक देव जी महाराज का 557वां प्रकाश पर्व मंगलवार को शहर के पंजाबी मोहल्ला स्थित गुरुद्वारे में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर गुरुद्वारे में सुबह प्रभात फेरी के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। दिनभर धार्मिक आयोजन हुए और हजारों श्रद्धालुओं ने एक ही पंगत में बैठकर लंगर ग्रहण किया। आयोजन के दौरान सेवा, समानता और भाईचारे का संदेश देखने को मिला।

प्रकाश पर्व पर गुरुद्वारे में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में मुख्य ग्रंथी सुरजीत सिंह ने भजन-कीर्तन के माध्यम से संगत को निहाल किया। उन्होंने गुरु नानक देव जी के जीवन, आध्यात्मिक विचारों और मानव कल्याण के लिए दिए गए संदेशों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी ने समाज को जाति-पाति, ऊंच-नीच और धार्मिक भेदभाव से ऊपर उठकर मानवता की सेवा करने की सीख दी थी। उन्होंने कहा कि सिख धर्म में सभी मनुष्यों को समान माना गया है। लंगर की परंपरा इसी समानता का प्रतीक है, जहां अमीर-गरीब, छोटे-बड़े और अलग-अलग धर्मों के लोग एक साथ बैठकर भोजन करते हैं। यहां किसी तरह का वीआईपी और सामान्य व्यक्ति का भेदभाव नहीं होता। गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं आज भी प्रेम, सद्भाव, सेवा और भाईचारे के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती हैं।

इस अवसर पर बिहार सरकार के कृषि मंत्री एवं लखीसराय विधायक विजय कुमार सिन्हा भी गुरुद्वारे पहुंचे। उन्होंने गुरु दरबार में मत्था टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया और श्रद्धालुओं को गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं दीं। धार्मिक कार्यक्रम के समापन पर सामूहिक अरदास की गई और श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरित किया गया। इसके बाद गुरुद्वारा परिसर में भव्य लंगर का आयोजन हुआ। इसमें विभिन्न धर्मों और समुदायों के हजारों लोगों ने एक साथ बैठकर भोजन किया। लंगर के माध्यम से समानता, सेवा और सामाजिक एकता का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह, जिला महामंत्री सनोज साहू, अमरजीत प्रजापति, जिला उपाध्यक्ष नवीन सिंह, जिला मंत्री हिमांशु पटेल, मंडल अध्यक्ष धनंजय विभोर सहित कई गणमान्य लोग और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।