आरडीएस कॉलेज में लैंगिक समानता पर प्रतियोगिता, भाषण और कविता से विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा

  • Post By Admin on Sep 30 2026
आरडीएस कॉलेज में लैंगिक समानता पर प्रतियोगिता, भाषण और कविता से विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा

मुजफ्फरपुर : रामदयालु सिंह महाविद्यालय, मुजफ्फरपुर के अंग्रेजी विभाग की ओर से बुधवार को सेमिनार हॉल में लैंगिक समानता के विषय पर अंग्रेजी भाषण प्रतियोगिता एवं कविता पाठ का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का मुख्य विषय ‘द इंपॉर्टेंस ऑफ जेंडर इक्वलिटी’ था। इसमें महाविद्यालय के विभिन्न विभागों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी रचनात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से समाज में स्त्री-पुरुष समानता की आवश्यकता को प्रभावी ढंग से सामने रखा।

भाषण प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने लैंगिक समानता के सामाजिक महत्व, महिला और पुरुष के बीच समान अवसर तथा भेदभाव समाप्त करने की आवश्यकता पर अपने विचार रखे। विद्यार्थियों ने तथ्यों और अपने विचारों के माध्यम से यह संदेश देने का प्रयास किया कि समाज के विकास के लिए सभी को समान अधिकार और अवसर मिलना जरूरी है। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल ने यूजी तृतीय सेमेस्टर की छात्रा अपूर्वा प्रियदर्शिनी, अंग्रेजी विभाग को प्रथम स्थान प्रदान किया। यूजी प्रथम सेमेस्टर के स्पर्श, अकाउंट्स और प्रियांशी, अंग्रेजी को संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान मिला। वहीं पीजी द्वितीय सेमेस्टर की छात्रा श्रीजल, अंग्रेजी ने तृतीय स्थान हासिल किया।

कार्यक्रम के दूसरे सत्र में अंग्रेजी कविता पाठ प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें विद्यार्थियों ने सरोजिनी नायडू, शेली, रवींद्रनाथ टैगोर, रॉबर्ट फ्रॉस्ट, डेविस, जॉन कीट्स और बार्टन बारले सहित विभिन्न कवियों की रचनाओं का पाठ किया। प्रतिभागियों ने कविता के भाव, भाषा और स्वर के उतार-चढ़ाव के माध्यम से अपनी साहित्यिक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कविता पाठ प्रतियोगिता में यूजी प्रथम सेमेस्टर के स्पर्श, अकाउंट्स ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रियांशी, अंग्रेजी को द्वितीय स्थान मिला, जबकि अपूर्वा प्रियदर्शिनी, अंग्रेजी और यश राज, बॉटनी ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान हासिल किया।

प्रतियोगिता के समापन अवसर पर अंग्रेजी विभागाध्यक्ष डॉ. अमर ज्योति रंजन ने समाज में लैंगिक संवेदनशीलता की आवश्यकता पर अपने विचार रखे। उन्होंने विद्यार्थियों को लैंगिक समानता के प्रति जागरूक रहने और समाज में समानता आधारित सोच को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर दिया। अंग्रेजी की सहायक प्राध्यापक डॉ. आरती कुमारी ने सभी प्रतिभागियों के प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रभावी भाषण प्रस्तुत करने के तरीकों के साथ-साथ तथ्यों और जीवन से जुड़े उदाहरणों के माध्यम से अपनी बात को मजबूती से रखने के सुझाव दिए। कविता पाठ के दौरान भाषा की शुद्धता और स्वर के उचित उतार-चढ़ाव पर विशेष ध्यान देने की बात भी उन्होंने कही।

कार्यक्रम के अंत में अंग्रेजी विभागाध्यक्ष डॉ. अमर ज्योति रंजन ने प्रतियोगिता में सफल रहे प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए। इस अवसर पर महाविद्यालय के कई शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को अपनी रचनात्मक प्रतिभा प्रस्तुत करने के साथ-साथ लैंगिक समानता और सामाजिक संवेदनशीलता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार रखने का मंच भी प्रदान किया।