बिना हेलमेट वाहन चलाना पड़ा महंगा, जांच अभियान में कटे चालान
- Post By Admin on Jun 20 2026
लखीसराय : सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन के निर्देश पर विशेष हेलमेट जांच एवं प्रवर्तन अभियान चलाया गया। यह अभियान विद्यापीठ से बायपास रोड मोड़ तक संचालित किया गया।
जिला पदाधिकारी के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान के दौरान जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ), मोटरयान निरीक्षक (एमवीआई) तथा परिवहन विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से वाहनों की जांच की। जांच के क्रम में बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वाले चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई और उन्हें सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। अभियान के दौरान कुल 66 हजार रुपए का जुर्माना वसूला गया। साथ ही वाहन चालकों को हेलमेट का नियमित उपयोग करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा अन्य यातायात नियमों का अनुपालन करने की सलाह दी गई।
जिला परिवहन पदाधिकारी ने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए हमेशा हेलमेट पहनकर ही वाहन चलाएं। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने और दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए जागरूकता एवं प्रवर्तन अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे। प्रशासन का मानना है कि यातायात नियमों के प्रति जागरूकता और सख्ती दोनों के माध्यम से सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सकती है।