एमडीडीएम कॉलेज में राष्ट्रीय वन्यजीव सप्ताह का समापन, पोस्टर, वाद-विवाद और क्विज में छात्राओं ने दिखाया दम
- Post By Admin on Oct 08 2026
मुजफ्फरपुर: एमडीडीएम कॉलेज के स्नातकोत्तर जंतु विज्ञान विभाग में 'नेशनल वाइल्ड लाइफ वीक' (2 अक्टूबर से 8 अक्टूबर 2026) के तहत आयोजित प्रतियोगिताओं की श्रृंखला गुरुवार को क्विज कंपटीशन और परिणाम घोषणा के साथ संपन्न हुई। पूरे कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. अलका जायसवाल के दिशा-निर्देश में सफलता पूर्वक संपन्न कराया गया। इस पूरे सप्ताह के दौरान स्नातक (यूजी) और स्नातकोत्तर (पीजी) की छात्राओं ने वन्यजीव संरक्षण और पर्यावरण संतुलन के प्रति अपनी जागरूकता का परिचय देते हुए उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
सप्ताहव्यापी आयोजनों के तहत 6 अक्टूबर को पोस्टर प्रतियोगिता कराई गई थी, जिसमें पीजी सेमेस्टर 2 की छात्रा सृष्टि ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि यूजी सेमेस्टर 7 की इरम फातिमा दूसरे और यूजी सेमेस्टर 1 की सना परवीन व साजिया संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहीं। इसके बाद 7 अक्टूबर को आयोजित डिबेट प्रतियोगिता में पीजी सेमेस्टर 2 की शिखा कुमारी और गुड़िया कुमारी ने संयुक्त रूप से बाजी मारते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया, वहीं पीजी सेमेस्टर 2 की सृष्टि दूसरे और यूजी सेमेस्टर 1 की संस्कृति तीसरे स्थान पर रहीं।
समापन दिवस यानी 8 अक्टूबर को आयोजित बहुप्रतीक्षित क्विज प्रतियोगिता में छात्राओं के बीच रोचक मुकाबला देखने को मिला। इसमें पीजी सेमेस्टर 2 की गुड़िया कुमारी और यूजी सेमेस्टर 1 की साइमा फरहीन ने संयुक्त रूप से पहला स्थान हासिल किया। पीजी सेमेस्टर 2 की हिमांशी कुमारी दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि यूजी सेमेस्टर 1 की मेहर परवीन और बिंदिया कुमारी ने संयुक्त रूप से तीसरा स्थान प्राप्त किया। इस अवसर पर जंतु विज्ञान विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता, सहायक प्राध्यापिका डॉ. पल्लवी कुमारी, डॉ. रचना कुमारी सहित महाविद्यालय के विभिन्न विभागों के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।