एमडीडीएम कॉलेज में कृत्रिम बुद्धिमत्ता पर जागरूकता सत्र, शिक्षा और अनुसंधान में एआई के बढ़ते महत्व पर हुई चर्चा
- Post By Admin on Oct 08 2026
मुजफ्फरपुर: एमडीडीएम कॉलेज के स्नातकोत्तर गणित विभाग एवं बीसीए विभाग के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को 'कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) पर व्याख्यान-सह-अभिमुखीकरण कार्यक्रम' का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक युग में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के शैक्षणिक महत्व और उसके व्यावहारिक प्रयोगों से परिचित कराना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए संयोजक सह गणित विभागाध्यक्ष डॉ. माला ने शिक्षा जगत में एआई के बढ़ते प्रभाव और भविष्य की असीम संभावनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. अलका जायसवाल ने विभिन्न कार्यक्षेत्रों में एआई की प्रासंगिकता रेखांकित करते हुए छात्राओं को नई तकनीकों के साथ खुद को अपडेट रखने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता पीयूष पाण्डेय ने तकनीकी सत्र को संबोधित करते हुए विद्यार्थियों को वर्तमान परिदृश्य में एआई की व्यावहारिक उपयोगिता, अनुसंधान के क्षेत्र में इसकी भूमिका और आने वाले समय में इसके व्यापक प्रभाव के बारे में विस्तार से समझाया।
व्याख्यान के पश्चात आयोजित प्रश्नोत्तरी (क्विज) प्रतियोगिता में गणित, भौतिकी, रसायन विज्ञान, बीबीए तथा बीसीए विभाग के लगभग 75 छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच बीसीए विभाग की अनुष्का पाण्डेय ने प्रथम तथा अनुष्का वर्मा ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
मंच का कुशल संचालन प्रेरणा सुप्रिया ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में बीसीए विभाग के डॉ. शमशीर अली, राहुल कुमार, अभिषेक कुमार, गौरव कुमार, आनंद कुमार एवं त्रिपुरारी ठाकुर ने सक्रिय भूमिका निभाई। इस अवसर पर डॉ. शगुफ्ता नाज़, डॉ. अर्चना तिवारी सहित विभिन्न संकायों के प्राध्यापक और बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।