वाणिज्य-भूगोल के नए छात्रों का लंगट सिंह कॉलेज में स्वागत, प्राचार्य ने दिए सफलता के मंत्र

  • Post By Admin on Aug 18 2026
वाणिज्य-भूगोल के नए छात्रों का लंगट सिंह कॉलेज में स्वागत, प्राचार्य ने दिए सफलता के मंत्र

मुजफ्फरपुर : लंगट सिंह कॉलेज के सभागार में मंगलवार को स्नातक सत्र 2026-30 के वाणिज्य एवं भूगोल विषय में नव नामांकित छात्रों के लिए इंडक्शन मीट का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज की प्राचार्य प्रो. कनुप्रिया ने की।

कार्यक्रम में प्राचार्य प्रो. कनुप्रिया ने नए छात्रों का स्वागत करते हुए कहा कि कॉलेज में प्रवेश केवल नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण और भविष्य की नींव रखने का महत्वपूर्ण चरण है। उन्होंने कहा कि बदलते वैश्विक परिदृश्य में वाणिज्य और भूगोल दोनों ही विषयों की उपयोगिता बढ़ी है। उन्होंने वाणिज्य विषय के संदर्भ में उद्यमिता, डिजिटल अर्थव्यवस्था और व्यावसायिक नैतिकता की समझ को जरूरी बताया। वहीं, भूगोल को पर्यावरण संरक्षण, सतत विकास और जलवायु परिवर्तन जैसी समकालीन चुनौतियों को समझने में महत्वपूर्ण विषय बताया।

प्राचार्य ने छात्रों से अनुशासन बनाए रखने, नियमित अध्ययन करने और पाठ्येतर गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी की अपील की। उन्होंने कहा कि कॉलेज केवल डिग्री हासिल करने का स्थान नहीं है, बल्कि जीवन कौशल, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी विकसित करने का मंच भी है।

इंडक्शन मीट के दौरान छात्रों को कॉलेज की विभिन्न सुविधाओं के बारे में जानकारी दी गई। इनमें पुस्तकालय, प्रयोगशालाएं, करियर काउंसलिंग सेल के साथ-साथ विभिन्न सेल और क्लब शामिल रहे। कार्यक्रम में डॉ. महेश कुमार, डॉ. अभय कुमार, डॉ. राज, डॉ. अंबु सहित वाणिज्य एवं भूगोल विभाग के शिक्षक और कर्मचारी उपस्थित रहे।