प्रस्तावित विश्वविद्यालय एक्ट 2026 का विरोध जारी, RDS कॉलेज में शिक्षकों-कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन

  • Post By Admin on Aug 18 2026
प्रस्तावित विश्वविद्यालय एक्ट 2026 का विरोध जारी, RDS कॉलेज में शिक्षकों-कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन

मुजफ्फरपुर : राज्य के विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों की स्वायत्तता समाप्त करने संबंधी प्रस्तावित विश्वविद्यालय अधिनियम 2026 के विरोध में शिक्षकों एवं कर्मचारियों का आंदोलन जारी है। बिहार राज्य विश्वविद्यालय व महाविद्यालय शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मचारी संघर्ष मोर्चा के चरणबद्ध आंदोलन के तहत छठे दिन भी विश्वविद्यालयों और कॉलेजों के शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने अपने-अपने कार्यस्थल पर एकजुट होकर प्रदर्शन किया।

रामदयालु सिंह महाविद्यालय में शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने एक स्थान पर एकत्रित होकर प्रस्तावित विधेयक के विरोध में नारे लगाए और अपनी एकजुटता का प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान शिक्षकों ने विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों की स्वायत्तता बनाए रखने की मांग उठाई।

इस दौरान डॉ. रमेश प्रसाद गुप्ता, डॉ. एमएन रजवी, डॉ. अजमत अली, डॉ. स्नेह लता, डॉ. सौरभ राज, डॉ. विकास कुमार, डॉ. पंकज तिवारी, डॉ. नेयाज अहमद, डॉ. अनुपम कुमार, डॉ. चंद्र किशोर झा, डॉ. चौधरी संजय कुमार सिंह, प्रियंका दीक्षित, डॉ. कृतिका वर्मा, डॉ. मनीष कुमार शर्मा, डॉ. ललित किशोर सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे।

बीआरए बिहार विश्वविद्यालय शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मचारी संघर्ष मोर्चा के संयोजक मंडल के सदस्य डॉ. सुनील कुमार सिंह, डॉ. रमेश प्रसाद गुप्ता, प्रो. ललन कुमार झा, राजीव कुमार और राम कुमार ने आंदोलन को गति देने के लिए सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।