मुजफ्फरपुर : बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय की अंतर-महाविद्यालय शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन 19 और 20 अगस्त को डॉ. राम मनोहर लोहिया स्मारक महाविद्यालय के तत्वावधान में किया जाएगा। दो दिवसीय प्रतियोगिता को लेकर कॉलेज परिसर में तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय के अंतर्गत आने वाले 15 महाविद्यालयों की पुरुष और महिला टीमें हिस्सा लेंगी। कुल 66 खिलाड़ी प्रतियोगिता में अपनी शतरंज की चालों का प्रदर्शन करेंगे। इनमें 43 पुरुष और 23 महिला खिलाड़ी शामिल हैं।
19 अगस्त को टीम इवेंट, 20 को होगा ट्रायल
प्रतियोगिता के पहले दिन 19 अगस्त को विभिन्न महाविद्यालयों के बीच मुख्य टीम इवेंट आयोजित किया जाएगा। इसमें खिलाड़ी अपने-अपने कॉलेज का प्रतिनिधित्व करते हुए मुकाबला करेंगे।
वहीं, 20 अगस्त को ट्रायल इवेंट होगा। इस ट्रायल में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर विश्वविद्यालय की आधिकारिक शतरंज टीम का चयन किया जाएगा। चयनित टीम आगे राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेगी।
अंतिम चरण में तैयारियां
प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए लोहिया कॉलेज प्रशासन तैयारियों में जुटा है। प्राचार्य प्रो. मनोज कुमार और खेल संयोजक डॉ. अब्दुल अजीज टिके की देखरेख में इनडोर हॉल सहित अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
प्राचार्य प्रो. मनोज कुमार ने कहा कि प्रतियोगिता की मेजबानी कॉलेज के लिए गौरव का विषय है। खिलाड़ियों को बेहतर माहौल उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। खेल संयोजक डॉ. अब्दुल अजीज टिके ने कहा कि प्रतियोगिता के माध्यम से विश्वविद्यालय को प्रतिभाशाली शतरंज खिलाड़ियों की पहचान करने का अवसर मिलेगा, जो आगे चलकर विश्वविद्यालय का नाम रोशन कर सकते हैं।




















