नीट छात्रा की मौत पर मानवाधिकार आयोग सख्त, पटना एसएसपी को नोटिस

  • Post By Admin on Feb 16 2026
नीट छात्रा की मौत पर मानवाधिकार आयोग सख्त, पटना एसएसपी को नोटिस

मुजफ्फरपुर: पटना में एक नीट अभ्यर्थी छात्रा की मौत के मामले में बिहार राज्य मानवाधिकार आयोग ने संज्ञान लिया है। मानवाधिकार अधिवक्ता एस.के. झा द्वारा दायर याचिका पर सुनवाई करते हुए आयोग ने प्रकरण को गंभीर मानते हुए पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को नोटिस जारी किया है और आठ सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है।

मामले में जानकारी दी गई कि मृत छात्रा जहानाबाद जिले की निवासी थी और पटना के मुन्नाचक, कंकड़बाग स्थित शम्भू गर्ल्स हॉस्टल में रहकर नीट परीक्षा की तैयारी कर रही थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद सामने आए तथ्यों के आधार पर याचिकाकर्ता ने घटना को संदिग्ध और गंभीर आपराधिक कृत्य से जुड़ा बताया। बिहार राज्य मानवाधिकार आयोग ने सुनवाई के दौरान पटना एसएसपी को नोटिस जारी करते हुए मामले में की गई कार्रवाई, जांच की प्रगति और तथ्यों की स्थिति पर रिपोर्ट मांगी है। आयोग में इस प्रकरण की अगली सुनवाई 22 अप्रैल को निर्धारित की गई है। अधिवक्ता एस.के. झा ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर पर चोटों के निशान सहित अन्य परिस्थितियाँ गंभीर आपराधिक घटना की ओर संकेत करती हैं। उन्होंने मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच अवकाश-प्राप्त न्यायाधीश की निगरानी में कराने की मांग की है।

इस घटनाक्रम के बाद छात्र समुदाय और आम नागरिकों के बीच मामले को लेकर चिंता व्यक्त की जा रही है। अब सबकी निगाहें आयोग की आगामी सुनवाई और पुलिस प्रशासन की रिपोर्ट पर टिकी हैं।