प्रस्तावित विश्वविद्यालय अधिनियम के विरोध में BRABU के शिक्षक-कर्मचारी एकजुट, 10वें दिन प्रदर्शन
- Post By Admin on Aug 22 2026
मुजफ्फरपुर : प्रस्तावित विश्वविद्यालय विधेयक-2026 के विरोध में बी.आर.ए. बिहार विश्वविद्यालय और इससे जुड़े महाविद्यालयों के शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों का चरणबद्ध आंदोलन शनिवार को भी जारी रहा। संघर्ष मोर्चा के आह्वान पर कर्मचारियों ने अपने-अपने कार्यस्थल पर आधे घंटे तक धरना-प्रदर्शन कर प्रस्तावित विधेयक के खिलाफ विरोध जताया।
बिहार राज्य विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारी संघर्ष मोर्चा के घोषित कार्यक्रम के तहत 11 अगस्त से 25 अगस्त 2026 तक प्रतिदिन दोपहर 1:30 बजे से 2 बजे तक प्रदर्शन किया जा रहा है। आंदोलन के दसवें कार्यदिवस पर विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों और संबद्ध महाविद्यालयों के शिक्षक एवं कर्मचारी एकत्र हुए और प्रस्तावित विधेयक के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि प्रस्तावित विश्वविद्यालय विधेयक-2026 से राज्य के विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों की स्वायत्तता प्रभावित होने की आशंका है। इसी के विरोध में शिक्षक और कर्मचारी राज्यव्यापी संघर्ष कार्यक्रम में लगातार अपनी भागीदारी निभा रहे हैं। बी.आर.ए. बिहार विश्वविद्यालय शिक्षक व शिक्षकेत्तर कर्मचारी संघर्ष मोर्चा के संयोजक मंडल के सदस्यों डॉ. सुनील कुमार सिंह, प्रो. रमेश प्रसाद गुप्ता, प्रो. ललन कुमार झा, राजीव कुमार और राम कुमार ने आंदोलन में शामिल शिक्षक एवं कर्मचारियों के प्रति आभार जताया।
मोर्चा के नेताओं ने कहा कि प्रस्तावित विधेयक के खिलाफ संघर्ष को आगे भी एकजुटता के साथ जारी रखा जाएगा। उन्होंने शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों से राज्य स्तरीय आंदोलन में लगातार सक्रिय भागीदारी निभाने और एकजुटता बनाए रखने की अपील की। उनका कहना है कि सरकार पर प्रस्तावित विश्वविद्यालय विधेयक-2026 को लागू नहीं करने के लिए दबाव बनाया जाएगा।