बिहार में होगा भव्य ‘संगीत-ए-महफ़िल’ सिंगिंग टैलेंट शो, जल्द शुरू होंगे ऑडिशन

  • Post By Admin on Aug 22 2026
बिहार में होगा भव्य ‘संगीत-ए-महफ़िल’ सिंगिंग टैलेंट शो, जल्द शुरू होंगे ऑडिशन

मुजफ्फरपुर: सुदामा एंटरटेनमेंट की ओर से बिहार में ‘संगीत-ए-महफ़िल’ नाम से एक भव्य सिंगिंग टैलेंट शो का आयोजन किया जाना है। शो के लिए ऑडिशन की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। आयोजकों के अनुसार, इस टैलेंट शो का उद्देश्य बच्चों को अपनी गायन प्रतिभा को बड़े मंच पर प्रदर्शित करने का अवसर देना है।

आयोजक ने बताया कि ‘संगीत-ए-महफ़िल’ में बिहार के बच्चों के साथ-साथ उत्तर प्रदेश, झारखंड और नेपाल के प्रतिभागियों के भी शामिल होने की संभावना है। इसके लिए विभिन्न क्षेत्रों से प्रतिभाओं को जोड़ने की तैयारी की जा रही है। आयोजकों का दावा है कि ‘संगीत-ए-महफ़िल’ को बेहद भव्य स्तर पर आयोजित किया जाएगा। उनका कहना है कि बिहार में इससे पहले इस स्तर का सिंगिंग टैलेंट शो आयोजित नहीं किया गया है। शो में बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ-साथ संगीत जगत के चर्चित कलाकारों और विशेषज्ञों के सामने प्रदर्शन करने के साथ सीखने का अवसर मिलेगा।

शो से जुड़ी सबसे खास बात यह बताई जा रही है कि इसमें संगीत जगत की कई जानी-मानी हस्तियों के शामिल होने की संभावना है। आयोजक के अनुसार, शो के जज से लेकर होस्टिंग तक के लिए ऐसे चर्चित चेहरों को जोड़े जाने की तैयारी है, जो अपनी गायिकी और संगीत से देशभर में पहचान बना चुके हैं। आयोजकों ने बताया कि ऑडिशन की तारीख, स्थान और रजिस्ट्रेशन से जुड़ी विस्तृत जानकारी जल्द जारी की जाएगी। ‘संगीत-ए-महफ़िल’ के जरिए बच्चों को अपनी आवाज और प्रतिभा के दम पर बड़े मंच तक पहुंचने का अवसर देने की तैयारी है। हालांकि एक मोबाईल नंबर 9905077077 भी जारी किया गया है जिसपर विस्तृत जानकारी इच्छुक लोग ले सकते हैं।