खाने के साथ पोषण भी, बीआरएबीयू की शोध टीम ने विकसित की करक्यूमिन युक्त हाई प्रोटीन आइसक्रीम
- Post By Admin on Aug 19 2026
मुजफ्फरपुर : बीआरए बिहार विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. दिनेश चंद्र राय के नेतृत्व में शोध टीम ने एंटीऑक्सीडेंट युक्त हाई प्रोटीन आइसक्रीम विकसित की है। इसमें हल्दी के सक्रिय तत्व करक्यूमिन को सुरक्षित रूप से शामिल किया गया है। इस शोध को प्रतिष्ठित जर्नल ऑफ फूड प्रोसेस इंजीनियरिंग में प्रकाशित किया गया है।
शोध टीम में शिवांश सुमन, डॉ. सुनील मीणा, बीएचयू के प्रो. राज कुमार दुआरी, बीएचयू एवं बांदा कृषि विश्वविद्यालय की डॉ. शालिनी सिंह और राष्ट्रीय डेयरी अनुसंधान संस्थान के प्रिय ब्रत गौतम सह-लेखक रहे।
प्रोटीन की मात्रा 54 प्रतिशत तक बढ़ाई
शोध के दौरान व्हे प्रोटीन के साथ सोया और मटर प्रोटीन का इस्तेमाल किया गया। इससे आइसक्रीम में प्रोटीन की मात्रा को 54 प्रतिशत तक बढ़ाने में सफलता मिली। वहीं, करक्यूमिन को प्रोटीन-कार्बोहाइड्रेट परत में सुरक्षित रखा गया, जिससे इसकी 90.92 से 97.23 प्रतिशत तक इनकैप्सुलेशन दक्षता हासिल हुई।
शोध में किए गए पाचन परीक्षणों से करक्यूमिन के बेहतर अवशोषण की पुष्टि हुई। शोधकर्ताओं के अनुसार, इस तकनीक के माध्यम से आइसक्रीम जैसे लोकप्रिय खाद्य पदार्थ को अधिक प्रोटीन और एंटीऑक्सीडेंट युक्त उत्पाद के रूप में विकसित करने की दिशा में संभावनाएं सामने आई हैं।
पोषण और खाद्य उद्योग के लिए उपयोगी शोध
अपनी शोध टीम की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कुलपति प्रो. दिनेश चंद्र राय ने कहा कि आज बड़ी संख्या में लोग, खासकर नियमित व्यायाम करने वाले, अधिक चीनी का सेवन किए बिना अपनी प्रोटीन आवश्यकता पूरी करने में कठिनाई महसूस करते हैं। ऐसे में आइसक्रीम जैसे लोकप्रिय खाद्य पदार्थ को वैज्ञानिक तरीके से तैयार कर उसमें प्रोटीन और एंटीऑक्सीडेंट दोनों उपलब्ध कराने की दिशा में यह शोध महत्वपूर्ण है।
प्रो. राय ने कहा कि यह उपलब्धि शोध टीम के समर्पण और कड़ी मेहनत का परिणाम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह शोध पोषण विज्ञान को नई दिशा देने के साथ-साथ डेयरी और खाद्य प्रसंस्करण उद्योग के लिए भी उपयोगी साबित होगा। इससे स्थानीय किसानों और उद्यमियों के लिए नए अवसर पैदा होने की संभावना है। शोध की इस उपलब्धि पर बीआरए बिहार विश्वविद्यालय के शिक्षकों, शोधार्थियों और कर्मचारियों ने कुलपति प्रो. दिनेश चंद्र राय और पूरी शोध टीम को बधाई दी।