लंगट सिंह कॉलेज के 42 छात्र-छात्राओं का एनसीसी कैडेट के रूप में चयन

  • Post By Admin on Aug 19 2026
लंगट सिंह कॉलेज के 42 छात्र-छात्राओं का एनसीसी कैडेट के रूप में चयन

मुजफ्फरपुर : लंगट सिंह कॉलेज में एनसीसी कैडेट के चयन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई। 32 बिहार बटालियन एनसीसी, मुजफ्फरपुर की ओर से आयोजित चयन प्रक्रिया में कॉलेज के 42 छात्र-छात्राओं का एनसीसी कैडेट के रूप में चयन हुआ है। इनमें 23 छात्र और 19 छात्राएं शामिल हैं।

32 बिहार बटालियन एनसीसी के समादेशी पदाधिकारी कर्नल कमल किशोर मिश्र के नेतृत्व में बटालियन के सूबेदार अजय कुमार और हवलदार जय बोहरा ने चयन प्रक्रिया पूरी कराई। एनसीसी की 54 सीटों के लिए कुल 77 छात्र-छात्राओं ने आवेदन किया था। इनमें से 65 अभ्यर्थी शारीरिक एवं लिखित परीक्षा में शामिल हुए। चयन प्रक्रिया लंगट सिंह कॉलेज के खेल मैदान में पूरी तरह पारदर्शी तरीके से संपन्न हुई।

चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कॉलेज की प्राचार्या प्रो. कनुप्रिया ने कहा कि एनसीसी युवाओं के जीवन को संवारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि युवाओं में राष्ट्र के प्रति प्रेम और समर्पण की भावना विकसित करने के साथ देश सेवा के लिए प्रेरित करने में एनसीसी का योगदान सराहनीय है।

कॉलेज के एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट डॉ. राजीव कुमार ने कहा कि एनसीसी छात्र-छात्राओं के व्यक्तित्व विकास और चरित्र निर्माण में अहम भूमिका निभा रहा है। इस अवसर पर सीनियर अंडर ऑफिसर आशुतोष राज, अंडर ऑफिसर नमृता सुधीर, अंडर ऑफिसर सृष्टि, सार्जेंट ज्योतिलाल, सार्जेंट अनुज कुमार, जयप्रकाश, लांस कॉरपोरल रिया, अपर्णा सहित अन्य एनसीसी कैडेट मौजूद रहे।