विश्वविद्यालय विधेयक के खिलाफ आंदोलन में जुटे शिक्षक-कर्मचारी, सातवें दिन भी दिखी एकजुटता

  • Post By Admin on Aug 19 2026
विश्वविद्यालय विधेयक के खिलाफ आंदोलन में जुटे शिक्षक-कर्मचारी, सातवें दिन भी दिखी एकजुटता

मुजफ्फरपुर : राज्य के विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों की स्वायत्तता समाप्त किए जाने के प्रस्ताव के विरोध में बीआरए बिहार विश्वविद्यालय के शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों का आंदोलन लगातार जारी है। बिहार राज्य विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय शिक्षक-शिक्षकेत्तर कर्मचारी संघर्ष मोर्चा के आह्वान पर बुधवार को आंदोलन के तीसरे चरण के तहत कार्य दिवस के सातवें दिन भी विश्वविद्यालय विभागों और विभिन्न महाविद्यालयों में आधे घंटे का धरना-प्रदर्शन किया गया।

प्रस्तावित ‘विश्वविद्यालय विधेयक-2026’ के विरोध में शिक्षक और शिक्षकेत्तर कर्मचारी अपने-अपने कार्यस्थल पर दोपहर 1:30 से 2:00 बजे तक एकत्र हुए। इस दौरान कर्मचारियों ने विधेयक के विरोध में नारे लगाए और अपनी एकजुटता का प्रदर्शन किया।संघर्ष मोर्चा के संयोजक मंडल के सदस्य डॉ. सुनील कुमार सिंह, प्रो. रमेश प्रसाद गुप्ता, प्रो. ललन कुमार झा, राजीव कुमार और राम कुमार ने आंदोलन के तीसरे चरण के कार्यक्रम को लगातार समर्थन देने के लिए शिक्षक एवं कर्मचारियों के प्रति आभार जताया।

मोर्चा के नेताओं ने कहा कि प्रस्तावित विश्वविद्यालय विधेयक-2026 के विरोध में राज्यस्तरीय संघर्षात्मक कार्यक्रम में शिक्षक और कर्मचारी इसी तरह एकजुट होकर भाग लेते रहें। उन्होंने आगे भी आंदोलन में निरंतर सहयोग और एकजुटता बनाए रखने की अपील की, ताकि राज्य सरकार प्रस्तावित विधेयक को लागू न कर सके। संघर्ष मोर्चा के अनुसार, तीसरे चरण का यह कार्यक्रम 11 अगस्त से 25 अगस्त 2026 तक प्रतिदिन आधे घंटे के धरना-प्रदर्शन के रूप में चलाया जा रहा है।