एआईसीटीई आइडिया लैब का उद्घाटन, जीएनआईओटी समारोह में तकनीक और प्रतिभा का संगम
- Post By Admin on Feb 17 2026
ग्रेटर नोएडा: जीएनआईओटी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में आयोजित संस्थापक दिवस एवं रजत जयंती समारोह के चतुर्थ दिवस पर तकनीकी नवाचार, सांस्कृतिक अभिव्यक्ति और शैक्षणिक उत्कृष्टता का भव्य संगम देखने को मिला। 25 वर्षों की शैक्षणिक यात्रा को समर्पित इस विशेष दिवस को उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया।
समारोह के दौरान चेयरमैन डॉ. राजेश गुप्ता, वाइस चेयरमैन गौरव गुप्ता, जीआईएमएस के सीईओ स्वदेश कुमार सिंह, जे.एस. रावल, विभिन्न महाविद्यालयों के निदेशक, डीन, विभागाध्यक्ष, प्राध्यापकगण, स्टाफ सदस्य एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ ग्रेटर नोएडा इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में स्थापित एआईसीटीई आइडिया लैब के उद्घाटन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान सांसद जगदंबिका पाल ने दीप प्रज्ज्वलन एवं फीता काटकर लैब का उद्घाटन किया। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा विकसित नवाचारात्मक परियोजनाओं और आधुनिक तकनीकी संसाधनों का अवलोकन करते हुए संस्थान के प्रयासों की सराहना की। अपने संबोधन में उन्होंने कृत्रिम बुद्धिमत्ता के बढ़ते महत्व पर बल देते हुए युवाओं को आधुनिक तकनीकों में दक्ष बनने का संदेश दिया। समारोह में विशिष्ट अतिथियों के रूप में भाजपा गौतम बुद्ध नगर के जिला अध्यक्ष अभिषेक शर्मा, भाजपा प्रवक्ता महामेधा नागर तथा गवर्नमेंट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज़ के निदेशक ब्रिगेडियर (डॉ.) राकेश कुमार गुप्ता उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों को अनुशासन, समर्पण और नवाचार के साथ राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समारोह को और भी आकर्षक बना दिया। विद्यार्थियों ने समूह नृत्य, समूह गायन, एकल नृत्य एवं एकल गायन की प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रमों की थीम महिला सशक्तिकरण, शास्त्रीय एवं अर्ध-शास्त्रीय, रेट्रो टू मेट्रो, बॉलीवुड फ्यूजन, भांगड़ा तथा दक्षिण भारतीय सांस्कृतिक झलकियों पर आधारित रही। पुरस्कार वितरण समारोह में शैक्षणिक उपलब्धि पुरस्कार और सर्वश्रेष्ठ उपस्थिति पुरस्कार प्रदान किए गए। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।तकनीकी प्रतियोगिताओं के अंतर्गत ब्रिज कृति प्रतियोगिता में 15 टीमों, स्क्विड गेम प्रतियोगिता में 27 टीमों तथा ऑनलाइन गेमिंग प्रतियोगिता “बैटल ऑफ बाइट्स” में 52 टीमों ने भाग लिया। विजेता टीमों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
समापन अवसर पर चेयरमैन डॉ. राजेश गुप्ता ने संस्थान की शैक्षणिक उपलब्धियों, अनुसंधान गतिविधियों और उद्योग-आधारित शिक्षा प्रणाली पर प्रकाश डाला। मुख्य अतिथियों को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। रजत जयंती समारोह का चतुर्थ दिवस प्रेरणादायक वातावरण में संपन्न हुआ, जिसने संस्थान की नवाचार, उत्कृष्टता और समग्र विकास के प्रति प्रतिबद्धता को रेखांकित किया ।