मुजफ्फरपुर : गो अप फाउंडेशन के तत्वावधान में कांटी स्थित ओपन स्काई पब्लिक स्कूल में मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में विद्यालय के लगभग 50 शिक्षकों ने भाग लिया और विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में नालंदा सैनिक स्कूल के लाइफ साइंस विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार उपस्थित रहे, जिन्हें वर्ष 2025 में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा सम्मानित किया जा चुका है। डॉ. कुमार ने शिक्षकों को संबोधित करते हुए मानसिक स्वास्थ्य के हर पहलू पर विस्तार से प्रकाश डाला और बताया कि बच्चों को डिप्रेशन व एंग्जायटी जैसी मानसिक समस्याओं से किस प्रकार बाहर निकाला जा सकता है।

उन्होंने शिक्षकों को जागरूक करते हुए कहा कि यदि किसी बच्चे में बेवजह गुस्सा आना, अचानक पेट दर्द होना या गुमसुम और चुप रहने जैसे लक्षण दिखाई दें, तो तुरंत उससे संवाद स्थापित करना चाहिए ताकि उसकी परेशानी की असली वजह जानी जा सके। इसके साथ ही उन्होंने बच्चों के अभिभावकों से भी बात करने की सलाह दी। डॉ. कुमार ने जोर देते हुए कहा कि माता-पिता को भी अपने बच्चों की बातों को समझना चाहिए और उन पर अपनी मर्जी नहीं थोपनी चाहिए। हर बच्चे में अपनी एक अलग प्रतिभा और गुण होता है, इसलिए बच्चा जिस क्षेत्र में बेहतर कर सकता है, उसी में आगे बढ़ने के लिए उसकी सहायता करनी चाहिए।

इस कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के निदेशक, गो अप फाउंडेशन की संचालिका पूनम शर्मा, कार्यक्रम संयोजक सुधा सिंह तथा प्रिया राजहंस सहित अन्य शिक्षकगण मौजूद रहे।