वसंत कुंज में कार हादसा: अमेरिका में पढ़ाई कर रहे छात्र की जान गई, युवती घायल
- Post By Admin on Jul 25 2026
नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के वसंत कुंज स्थित नांगल देवात इलाके में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में भारतीय सेना के एक अधिकारी के 20 वर्षीय बेटे यशवेंद्र की मौत हो गई, जबकि उनके साथ कार में मौजूद उनकी महिला मित्र घायल हो गई। हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार कार फिसलन भरी सड़क पर अनियंत्रित होकर नाले में जा गिरी और पलट गई।
पुलिस के अनुसार, यशवेंद्र अमेरिका के एक शैक्षणिक संस्थान में उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे थे। वह अपनी महिला मित्र के साथ दिल्ली आए हुए थे। दोनों गुरुवार रात एक मित्र के घर रुके थे और शुक्रवार सुबह युवती के घर जा रहे थे। बताया गया कि नांगल देवात ट्रैफिक सिग्नल के पास एक तीखे मोड़ पर सड़क फिसलन भरी होने के कारण कार का संतुलन बिगड़ गया। देखते ही देखते वाहन सड़क से नीचे नाले में जा गिरा और कई बार पलट गया। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने तत्काल पुलिस और बचाव दल को सूचना दी।
दुर्घटना में यशवेंद्र और उनकी महिला मित्र गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान यशवेंद्र ने दम तोड़ दिया। वहीं, युवती को मामूली चोटें आई हैं और उसका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यशवेंद्र और उनकी महिला मित्र अमेरिका के एक ही शैक्षणिक संस्थान में पढ़ाई कर रहे थे और वहीं दोनों की दोस्ती हुई थी। हादसे के समय जिस कार में दोनों सवार थे, वह युवती की थी, लेकिन वाहन यशवेंद्र चला रहे थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में फिसलन भरी सड़क और वाहन से नियंत्रण खोना हादसे की प्रमुख वजह माना जा रहा है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
• खबर में दी गई तस्वीर केवल सांकेतिक है