नई दिल्ली: राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) ने विदेश से मेडिकल की पढ़ाई करने वाले भारतीय छात्रों के लिए पात्रता नियमों में बदलाव का प्रस्ताव दिया है। प्रस्ताव लागू होने पर विदेशी मेडिकल स्नातकों को भारत में चिकित्सा पेशे में पंजीकरण के लिए मौजूदा दोहरी शर्तों में से एक से राहत मिल सकती है।
वर्तमान नियमों के अनुसार, विदेश से मेडिकल डिग्री प्राप्त करने वाले छात्रों को संबंधित देश की मेडिकल नियामक संस्था में पंजीकृत होना जरूरी है। इसके अतिरिक्त उन्हें उस देश के नागरिकों को मिलने वाले समान स्तर का चिकित्सा अभ्यास लाइसेंस भी प्राप्त करना होता है। NMC अब दूसरी शर्त हटाने पर विचार कर रहा है। प्रस्तावित बदलाव के अनुसार, विदेशी मेडिकल स्नातकों के लिए संबंधित देश की मेडिकल नियामक संस्था में पंजीकरण पर्याप्त हो सकता है। यह बदलाव Foreign Medical Graduate Licentiate Regulations, 2021 में संशोधन के तहत प्रस्तावित है।
आयोग ने संशोधन का मसौदा जारी कर संबंधित पक्षों से सुझाव और आपत्तियां मांगी हैं। इसके लिए राजपत्र अधिसूचना सार्वजनिक होने की तारीख से 30 दिनों का समय दिया गया है। सुझावों पर विचार करने के बाद ही अंतिम नियम तय किए जाएंगे। यह बदलाव विदेश में MBBS करने वाले हजारों भारतीय छात्रों के लिए महत्वपूर्ण हो सकता है। हालांकि, फिलहाल यह केवल प्रस्ताव है, अंतिम नियम नहीं।














