रेलवे ट्रैक पर रीलबाजी पड़ी भारी, आरपीएफ की कार्रवाई के बाद महिला ने किया आत्मसमर्पण

  • Post By Admin on Oct 13 2026
रेलवे ट्रैक पर रीलबाजी पड़ी भारी, आरपीएफ की कार्रवाई के बाद महिला ने किया आत्मसमर्पण

नवादा : नवादा रेलवे स्टेशन के सामने ट्रैक पर अवैध रूप से घुसकर सोशल मीडिया के लिए रील बनाने और न्यूसेंस फैलाने के मामले में आरपीएफ (रेलवे सुरक्षा बल) ने त्वरित कानूनी कार्रवाई की है। दानापुर रेल मंडल के अंतर्गत किऊल आरपीएफ पोस्ट पर मामला दर्ज होने के बाद संबंधित महिला ने नवादा ओपी पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया, जिसे बाद में जमानतीय प्रक्रिया के तहत रिहा किया गया।

घटना की शुरुआत 9 अक्टूबर 2026 को हुई, जब शिकायतकर्ता अजीत कुमार भारद्वाज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (पूर्व में ट्विटर) पर एक वीडियो साझा किया। वीडियो में एक महिला नवादा रेलवे स्टेशन के निकट रेलवे ट्रैक पर अनाधिकृत रूप से प्रवेश कर रील बनाती और व्यवधान उत्पन्न करती नजर आ रही थी। मामले की जांच के दौरान पता चला कि यह वीडियो महिला के इंस्टाग्राम अकाउंट से साझा किया गया था। गुप्त सूचना के आधार पर पहचान करने पर महिला का नाम विभा देवी (35 वर्ष), पति भूषण प्रसाद, ग्राम मसौढ़ा, थाना कसार, जिला शेखपुरा के रूप में सामने आया। वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि होने के बाद 12 अक्टूबर 2026 को सहायक उप निरीक्षक गिरीश कुमार के शिकायत पत्र के आधार पर आरपीएफ पोस्ट किऊल में रेल अधिनियम की धारा 145 और 147 के तहत कांड संख्या 1444/26 दर्ज किया गया।

केस दर्ज होने के उपरांत आरोपी महिला अपने परिजनों के साथ नवादा ओपी पहुंची और आत्मसमर्पण कर दिया। जीआरपी नवादा की महिला आरक्षी की मौजूदगी में पूछताछ के दौरान महिला ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। इसके बाद नियमानुसार गिरफ्तारी सह जामातलाशी की प्रक्रिया पूरी की गई और परिजनों को सूचना दी गई। जमानतीय धाराएं होने के कारण महिला को जमानत नियमों के तहत निजी मुचलके पर रिहा कर दिया गया, जिसके बाद उसे 13 अक्टूबर 2026 को सक्षम न्यायालय के समक्ष पेश होने का निर्देश दिया गया है। आरपीएफ प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि रेलवे ट्रैक पर अनधिकृत प्रवेश करना, वीडियो अथवा रील बनाना दंडनीय अपराध है और ऐसा करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।