लखीसराय : शहर में जाम की समस्या पर नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन की ओर से विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया। जिलाधिकारी के निर्देश और मार्गदर्शन में जमुई मोड़ से सर्किट हाउस मोड़ होते हुए जेल मोड़ तक अभियान चलाकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

जांच के दौरान नो-एंट्री क्षेत्र में प्रवेश करने वाले व्यावसायिक वाहनों, बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले चालकों और आवश्यक दस्तावेजों में कमी पाए जाने वाले वाहनों को कार्रवाई के दायरे में लिया गया। संबंधित वाहन चालकों के विरुद्ध यातायात नियमों के अनुसार कार्यवाही की गई।

अभियान के दौरान कुल 11 वाहनों का चालान काटा गया और उनसे 91 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई का उद्देश्य नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर अंकुश लगाना और शहर की सड़कों पर यातायात का दबाव कम करना है।

जिला प्रशासन के अनुसार, इस तरह के जांच अभियान से नो-एंट्री नियमों का पालन सुनिश्चित करने के साथ-साथ आम नागरिकों के लिए सुरक्षित और सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलेगी।