लखीसराय : प्रेस इन्फॉर्मेशन ब्यूरो (पीआईबी) की ओर से लखीसराय सहित चयनित जिलों में आयोजित होने वाले मीडिया वार्तालाप कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। कार्यक्रम के सफल आयोजन और आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को जिला पदाधिकारी के कार्यालय प्रकोष्ठ में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की संयुक्त अध्यक्षता जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार और पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार ने की।
बैठक में प्रस्तावित मीडिया वार्तालाप कार्यक्रम के आयोजन स्थल, आधारभूत सुविधाओं, प्रशासनिक तैयारियों और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को कार्यक्रम के सफल और व्यवस्थित संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में शामिल होने वाले मीडिया प्रतिनिधियों और आमंत्रित अतिथियों को सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
बैठक में आयोजन स्थल पर पर्याप्त बैठने की व्यवस्था, पेयजल, बिजली, साफ-सफाई और ध्वनि व्यवस्था सहित अन्य जरूरी लॉजिस्टिक सुविधाएं सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी तालमेल के साथ निर्धारित समय-सीमा के भीतर तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी तरह की असुविधा न हो।
पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार ने कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक इंतजाम करने पर बल दिया। उन्होंने संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को सतर्कता बरतने और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समन्वय बनाए रखने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी पदाधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें और आपसी समन्वय के साथ कार्यक्रम को सफल, सुव्यवस्थित एवं गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न कराएं। बैठक में अपर समाहर्ता नीरज कुमार, जिला योजना पदाधिकारी आशुतोष कुमार, नजारत उपसमाहर्ता प्राची कुमारी सहित संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
















