वंदे भारत एक्सप्रेस से शराब बरामद, बालक के दो बैग से मिली 83 बोतलें

  • Post By Admin on Sep 04 2026
वंदे भारत एक्सप्रेस से शराब बरामद, बालक के दो बैग से मिली 83 बोतलें

नवादा : ऑपरेशन सतर्क के तहत नवादा रेलवे स्टेशन पर यात्री निगरानी के दौरान रेलवे सुरक्षा टीम ने वंदे भारत एक्सप्रेस से उतर रहे एक बालक के कब्जे से दो बैग बरामद किए। जांच के दौरान दोनों बैग से विदेशी शराब की 83 बोतलें मिलीं। बरामद शराब की कुल मात्रा 14.940 लीटर है, जिसकी अनुमानित कीमत 18,060 रुपए बताई गई है।

जानकारी के अनुसार, 4 सितंबर को उप निरीक्षक महेन्द्र कुमार और आरक्षी चितरंजन कुमार नवादा रेलवे स्टेशन पर यात्री सुरक्षा और ट्रेन पासिंग ड्यूटी में तैनात थे। करीब 10:27 बजे प्लेटफॉर्म संख्या एक पर गाड़ी संख्या 22500 डाउन वंदे भारत एक्सप्रेस के पहुंचने के बाद निगरानी के दौरान सी-3 कोच से एक बालक को दो पिट्ठू बैग लेकर उतरते देखा गया। दोनों बैग भारी दिखाई देने पर रेलवे कर्मियों को संदेह हुआ।

टीम ने करीब 10:30 बजे प्लेटफॉर्म संख्या एक के बीच में बालक को रोककर पूछताछ की। उसके पास वाराणसी से यात्रा का टिकट और पीएनआर नंबर 2462392258 था, जबकि पूछताछ में उसने बताया कि वह डीडीयू स्टेशन से ट्रेन में सवार हुआ था। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने शराब लेकर आने की बात स्वीकार की। इसके बाद रेलवे टीम ने उत्पाद थाना, नवादा को सूचना दी।

सूचना मिलने पर उत्पाद विभाग के अवर निरीक्षक प्रवीण कुमार और अवर निरीक्षक न्यूटन कुमार पुलिस बल के साथ नवादा रेलवे स्टेशन पहुंचे। उनकी मौजूदगी में वीडियोग्राफी कराते हुए दोनों बैग खोले गए। काले रंग के डेल बैग से 180 एमएल की मैजिक मोमेंट्स व्हिस्की की 48 बोतलें बरामद हुईं, जबकि नीले रंग के पिट्ठू बैग से 180 एमएल की ब्लेंडर्स प्राइड की 18 बोतलें और 180 एमएल की सिग्नेचर व्हिस्की की 17 बोतलें मिलीं। उत्पाद विभाग ने बरामद शराब के साथ बालक को आगे की कार्रवाई के लिए अपने साथ ले गया। मामले में कांड दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। आगे की कार्रवाई की रिपोर्ट संबंधित अधिकारियों को भेजी जाएगी।