लखीसराय : जिले को बाल विवाह मुक्त बनाने के संकल्प के साथ शुक्रवार को समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। महिला एवं बाल विकास निगम, लखीसराय के तत्वावधान में बाल विवाह उन्मूलन दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने की। कार्यशाला में अप्रैल 2027 तक लखीसराय को बाल विवाह मुक्त जिला बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार, अपर समाहर्ता, सिविल सर्जन, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी सह आईसीडीएस नोडल पदाधिकारी, मिशन शक्ति एवं अनुमंडल पदाधिकारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर उपस्थित पदाधिकारियों को नवपौध भेंट कर सम्मानित किया गया। स्कूली छात्राओं आराध्या कुमारी और आयुषी विद्या ने बाल विवाह उन्मूलन पर आधारित गीत प्रस्तुत कर लोगों को जागरूक किया।

कार्यशाला में जिला प्रोग्राम पदाधिकारी सह आईसीडीएस नोडल पदाधिकारी, मिशन शक्ति ने स्वागत भाषण दिया। विकासार्थ ट्रस्ट के जिला समन्वयक संजय कुमार ने बाल विवाह की रोकथाम के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। वहीं, महिला सशक्तिकरण केंद्र के जिला मिशन समन्वयक प्रशांत कुमार ने बाल विवाह रैंकिंग में हुए सुधार और इस दिशा में विभिन्न विभागों के सहयोग की चर्चा की।

जिला परियोजना प्रबंधक मनोज कुमार सिन्हा ने बाल विवाह उन्मूलन के लिए गठित टास्क फोर्स और उसके माध्यम से संचालित गतिविधियों की जानकारी दी। जिला बाल अधिकार सहयोगी के एभीए छोटेलाल पाण्डेय ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से बाल विवाह रोकने के उपायों को बताया। वहीं, कवच के प्रतिनिधि ने अभियान को आगे बढ़ाने के लिए प्रस्तावित रणनीति पर विस्तार से चर्चा की।

इस अवसर पर जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने उपस्थित अधिकारियों और प्रतिभागियों को बाल विवाह रोकथाम के लिए सामूहिक शपथ दिलाई। उन्होंने अप्रैल 2027 तक लखीसराय को बाल विवाह मुक्त बनाने का संकल्प दोहराते हुए कहा कि बाल विवाह एक गंभीर सामाजिक कुरीति है। इससे बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। इसके उन्मूलन के लिए सरकारी विभागों, जनप्रतिनिधियों और समाज के प्रत्येक व्यक्ति को मिलकर जिम्मेदारी निभानी होगी।

जिलाधिकारी ने अभियान में बेहतर कार्य करने वाले कर्मियों को सम्मानित करने की भी बात कही। उन्होंने बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने और समाज के सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। कार्यक्रम में अपर समाहर्ता नीरज कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, सिविल सर्जन डॉ. जयप्रकाश सिंह, आईसीडीएस के धीरज कुमार सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।