लखीसराय : जिले में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने शुक्रवार को शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। समाहरणालय स्थित जिलाधिकारी कार्यालय प्रकोष्ठ में आयोजित बैठक में समग्र शिक्षा, मध्याह्न भोजन योजना, पीएम श्री योजना, आरटीई प्रतिपूर्ति और अक्षर आंचल योजना सहित विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। इसके साथ ही कला, संस्कृति एवं विरासत स्थल संरक्षण समिति की बैठक भी आयोजित हुई।

समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालयों में कायाकल्प योजना के तहत शेष बचे कार्यों को जल्द पूरा कराने का निर्देश दिया। उन्होंने सीआरसी की गतिविधियों की समीक्षा करते हुए शैक्षणिक कार्यों को अधिक प्रभावी और रुचिकर बनाने पर जोर दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रोजेक्ट आधारित शिक्षण पद्धति का बेहतर ढंग से क्रियान्वयन किया जाए, ताकि बच्चों में सीखने और समझने की क्षमता विकसित हो सके।

बैठक में निजी विद्यालयों की प्रस्वीकृति, प्री-मैट्रिक एवं पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति से संबंधित प्रतिवेदनों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि अगली समीक्षा बैठक से मॉडल विद्यालयों के प्रधानाध्यापक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल होंगे। इसके अलावा आदर्श विद्यालयों के लिए आवश्यक आधारभूत संरचनाओं की उपलब्धता और भूमिहीन विद्यालयों की स्थिति पर भी चर्चा की गई। लंबित डीसी बिल और संबंधित प्रतिवेदनों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा गया।

विद्यालयों में छिपी खेल प्रतिभाओं को सामने लाने के उद्देश्य से संचालित मशाल कार्यक्रम की प्रगति भी समीक्षा के दायरे में रही। मध्याह्न भोजन योजना के संचालन और रसोइयों के मानदेय भुगतान की स्थिति की जानकारी ली गई। जिलाधिकारी ने विद्यालयों में खराब पड़े चापाकलों की सूची जल्द उपलब्ध कराने का निर्देश देते हुए पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि शिक्षा विभाग की योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाएं और लंबित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि विद्यालयों में बेहतर आधारभूत सुविधाएं और गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए, ताकि विद्यार्थियों को योजनाओं का वास्तविक लाभ मिल सके।

बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम, डीपीओ सीमा कुमारी सहित शिक्षा विभाग के संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।