लखीसराय : बाल विवाह की रोकथाम, बच्चों के अधिकारों की सुरक्षा और नशामुक्त समाज के निर्माण को लेकर चानन प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय मालिया में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा), नई दिल्ली, बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (बालसा), पटना तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डालसा), लखीसराय के निर्देशानुसार 14 से 27 नवंबर 2026 तक चलाए जा रहे जागरूकता कार्यक्रम के तहत शिविर आयोजित हुआ।
कार्यक्रम जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष सह प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सैयद मोहम्मद शब्बीर आलम तथा प्राधिकार के सचिव सह अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी विद्यानंद सागर के निर्देशानुसार ‘नालसा (डान) योजना 2025- नशे से जागरूकता और कल्याण मार्गदर्शन, एक नशामुक्त भारत के लिए एवं बाल विवाह रोकथाम’ विषय पर आयोजित किया गया। शिविर की अध्यक्षता विद्यालय के शिक्षक मनोज कुमार महतो ने की, जबकि संचालन पारा विधिक स्वयंसेवक नीरज कुमार ने किया।
मुख्य वक्ता प्राधिकार के पैनल अधिवक्ता सीतेश सुधांशु ने बाल विवाह की रोकथाम और बच्चों के अधिकारों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बालक और बालिका को सुरक्षित जीवन जीने तथा अपने भविष्य के सपने देखने का अधिकार है। बाल विवाह, कम उम्र में विवाह और जबरन विवाह बच्चों के अधिकारों के विरुद्ध हैं। उन्होंने बताया कि कानून के अनुसार 18 वर्ष से कम उम्र की लड़की और 21 वर्ष से कम उम्र के लड़के का विवाह बाल विवाह की श्रेणी में आता है तथा यह दंडनीय अपराध है। उन्होंने बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006 के प्रावधानों की जानकारी देते हुए बताया कि दोषी पाए जाने पर दो वर्ष तक कठोर कारावास और एक लाख रुपए तक जुर्माने का प्रावधान है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बाल विवाह में शामिल या उसे संपन्न कराने में भूमिका निभाने वाले संबंधित व्यक्तियों पर भी कानून के तहत कार्यवाही हो सकती है।
बाल विवाह की सूचना देने और बच्चों को सुरक्षा दिलाने के लिए उन्होंने महिला हेल्पलाइन नंबर 181, चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 तथा आपातकालीन सहायता नंबर 112 की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों एवं उपस्थित लोगों से अपील की कि बाल विवाह की जानकारी मिलने पर तत्काल संबंधित हेल्पलाइन या प्रशासन को सूचना दें, ताकि समय रहते इसे रोका जा सके।
नशामुक्ति के विषय पर उन्होंने कहा कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य, सामाजिक विकास और बेहतर समाज के निर्माण के लिए नशे से मुक्ति जरूरी है। नशे की प्रवृत्ति समाज की प्रगति में बाधक बनती है, इसलिए सभी लोगों को मिलकर नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लेना चाहिए। शिविर में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं और छात्र-छात्राओं ने भाग लिया तथा बाल विवाह रोकथाम और नशामुक्ति के संदेश को समाज तक पहुंचाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
















