लखीसराय : नागरिक सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और हवाई हमले, ब्लैकआउट तथा अग्निकांड जैसी आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारी को लेकर शुक्रवार को लखीसराय में द्वितीय नागरिक सुरक्षा हवाई हमला एवं ब्लैकआउट मॉकड्रिल आयोजित की गई। गृह मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देश के आलोक में आयोजित इस अभ्यास के दौरान नागरिकों और विभिन्न सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन से जुड़ी टीमों को आपात परिस्थितियों में सुरक्षित रहने तथा त्वरित प्रतिक्रिया देने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।

मॉकड्रिल का आयोजन आर. लाल कॉलेज, लखीसराय के मैदान में किया गया। जिला अग्निशमन पदाधिकारी एवं उनकी टीम ने अभ्यास के माध्यम से आपातकालीन परिस्थितियों में बचाव के उपायों और सुरक्षा प्रक्रियाओं की जानकारी दी। इस कार्यक्रम में कॉलेज के छात्र-छात्राओं, आपदा मित्रों, होमगार्ड जवानों, एनसीसी कैडेटों एवं आम नागरिकों ने भाग लिया।

अभ्यास के दौरान प्रतिभागियों को हवाई हमले जैसी परिस्थितियों में सुरक्षा के लिए आवश्यक सावधानियों, ब्लैकआउट के दौरान अपनाए जाने वाले उपायों तथा आग लगने की घटनाओं में बचाव के तरीकों से अवगत कराया गया। उन्हें बताया गया कि आपात स्थिति में घबराने के बजाय संयम बनाए रखना, सतर्कता बरतना और निर्धारित सुरक्षा निर्देशों का पालन करना बेहद जरूरी है।

इस मॉकड्रिल का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को संभावित आपदाओं और आपातकालीन परिस्थितियों के प्रति जागरूक करना, बचाव एवं सुरक्षा उपायों की जानकारी देना तथा विभिन्न संबंधित एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना था। इस तरह के अभ्यास से आपात परिस्थितियों में लोगों की प्रतिक्रिया क्षमता और सामूहिक तैयारी को बेहतर बनाने में मदद मिलती है।

जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की कि वे आपातकालीन परिस्थितियों में प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और सुरक्षा संबंधी जानकारी को लेकर जागरूक रहें। साथ ही अपने आसपास के लोगों को भी आपदा एवं नागरिक सुरक्षा के उपायों के प्रति जागरूक करें, ताकि किसी भी संभावित संकट के दौरान नुकसान को कम किया जा सके।