नई दिल्ली : देश की चुनावी और संसदीय व्यवस्था में बड़े बदलाव की दिशा में केंद्र सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में परिसीमन से जुड़े नए विधेयक और महिला आरक्षण को लागू करने संबंधी संशोधनों को मंजूरी दे दी गई। हालांकि, विधेयक को अभी संसद की मंजूरी मिलना बाकी है। सरकार इसे 30 नवंबर से शुरू होने वाली संसद की विशेष बैठक में पेश कर सकती है।
प्रस्तावित व्यवस्था के तहत लोकसभा में सभी राज्यों की सीटों की संख्या में मौजूदा संख्या के मुकाबले 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी का प्रावधान किया गया है। इस बढ़ोतरी का उद्देश्य संसद में प्रतिनिधित्व का विस्तार करना है। प्रस्ताव में राज्यों के बीच लोकसभा सीटों के मौजूदा आनुपातिक हिस्से को वर्ष 2051 तक बनाए रखने की व्यवस्था भी शामिल बताई गई है। इससे राज्यों के बीच प्रतिनिधित्व के अनुपात में अचानक बदलाव की आशंकाओं को दूर करने का प्रयास किया गया है।
इस प्रस्ताव का एक महत्वपूर्ण पहलू महिला आरक्षण से भी जुड़ा है। सरकार की योजना लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण को वर्ष 2029 के लोकसभा चुनाव से लागू करने की है। इसके लिए पहले पारित महिला आरक्षण कानून में आवश्यक संशोधन किए जाने हैं। नए विधायी प्रस्तावों के जरिए आरक्षण के क्रियान्वयन को मौजूदा जनगणना और परिसीमन प्रक्रिया से जोड़ने वाली व्यवस्था में बदलाव की तैयारी है।
गौरतलब है कि इससे पहले अप्रैल 2026 में परिसीमन और महिला आरक्षण से संबंधित संविधान संशोधन विधेयक लोकसभा में आवश्यक दो-तिहाई बहुमत हासिल नहीं कर पाया था। इसके बाद उससे जुड़े परिसीमन विधेयक पर आगे की कार्यवाही नहीं हो सकी। अब केंद्र सरकार संशोधित प्रावधानों के साथ नए विधेयक लाने की तैयारी में है। इस बार सभी राज्यों में समान अनुपात से सीटें बढ़ाने और राज्यों के मौजूदा हिस्से को सुरक्षित रखने जैसे प्रावधानों के जरिए पहले उठी आपत्तियों का समाधान करने की कोशिश की गई है।
संसद की विशेष बैठक में इस प्रस्ताव पर चर्चा के बाद इसकी आगे की राह तय होगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार लोकसभा की बैठक 30 नवंबर से और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर से शुरू होनी है। संविधान संशोधन से जुड़े प्रावधानों को पारित कराने के लिए दोनों सदनों में उपस्थित और मतदान करने वाले सदस्यों का दो-तिहाई बहुमत आवश्यक होगा।
परिसीमन का असर देश के संसदीय प्रतिनिधित्व और चुनावी क्षेत्रों की संरचना पर पड़ सकता है। ऐसे में इस विधेयक पर संसद में होने वाली चर्चा महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इसके प्रावधानों, राज्यों के प्रतिनिधित्व और महिला आरक्षण के क्रियान्वयन को लेकर राजनीतिक दलों की भूमिका और संसद में होने वाली बहस पर देश की नजर रहेगी।














