राष्ट्रीय स्तर की राह पर लखीसराय के गतका खिलाड़ी, गोल्ड कप के लिए हुए रवाना

  • Post By Admin on Jun 13 2026
राष्ट्रीय स्तर की राह पर लखीसराय के गतका खिलाड़ी, गोल्ड कप के लिए हुए रवाना

लखीसराय : राजधानी पटना में 14 जून को आयोजित होने वाली प्रथम गोल्ड कप गतका (मार्शल आर्ट) प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए लखीसराय जिला टीम को शनिवार को रवाना किया गया। +2 पब्लिक हाई स्कूल मैदान से नगर परिषद अध्यक्ष के प्रतिनिधि सज्जन सिंह तथा न्यू डीपीएस के निदेशक एवं जिला गतका संघ के अध्यक्ष अभिषेक आनंद ने खिलाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर प्रतियोगिता के लिए रवाना किया।

प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करने वाली खिलाड़ियों में स्वीकृति कुमारी, खुशी कुमारी, अनन्या कुमारी, स्वाति कुमारी, श्वेता कुमारी, कोमल कुमारी और शताक्षी सिन्हा शामिल हैं। वहीं बालक वर्ग में आलोक पांडे सहित अन्य खिलाड़ी अपने कौशल का प्रदर्शन करेंगे। आयोजकों ने बताया कि पटना के खेल भवन में आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर खेलने का अवसर प्राप्त होगा। खिलाड़ियों को रवाना करते हुए उपस्थित अतिथियों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी मंजुल मनोहर मधुप, जिला गतका संघ के अध्यक्ष अभिषेक आनंद, शिक्षक सुशील कुमार, जिला फुटबॉल कोच नीरज सिंह क्षत्रिय, जिला गतका एवं खो-खो संघ के सचिव अमित सिंह राजपूत, जिला वुशु सचिव धीरज कुमार, जिला कराटे सचिव गुंजन कुमार, जिला खो-खो कोच अंकित कुमार, गुरिया कुमारी, तन्नु कुमारी सहित कई खेल प्रेमी और पदाधिकारी उपस्थित रहे। खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए सभी अतिथियों ने कहा कि लखीसराय के खिलाड़ी लगातार विभिन्न खेलों में बेहतर प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन कर रहे हैं और उन्हें इस प्रतियोगिता में भी सफलता मिलने की पूरी उम्मीद है।