मद्य निषेध विभाग का छापेमारी अभियान, शराब बेचने और पीने के आरोप में चार धराए
- Post By Admin on Jun 09 2026
लखीसराय : मद्य निषेध थाना, लखीसराय की टीम ने जिले में चलाए गए विशेष छापेमारी अभियान के दौरान अवैध शराब कारोबार और शराब सेवन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया है। अभियान के दौरान 10.5 लीटर चुलाई शराब भी बरामद की गई।
मद्य निषेध थाना द्वारा जारी छापेमारी प्रतिवेदन के अनुसार, अशोक धाम स्टेशन के समीप की गई कार्रवाई में रामनगर वार्ड संख्या-11 निवासी उदन राम को 10.5 लीटर चुलाई शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। आरोपित पर अवैध शराब बेचने का आरोप है। वहीं उत्पाद थाना, बड़हिया के समीप चलाए गए अभियान के दौरान शराब सेवन के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार व्यक्तियों में पुरानी इंग्लिश बड़हिया निवासी मन्टू लोहरी, भोला कुमार तथा पटना जिले के पचमहला थाना क्षेत्र अंतर्गत बाहापुर निवासी भोला कुमार मांझी शामिल हैं।
मद्य निषेध विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले में शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और सेवन में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। विभाग ने आम लोगों से भी शराबबंदी कानून के पालन में सहयोग करने तथा अवैध शराब से जुड़ी किसी भी गतिविधि की सूचना प्रशासन को देने की अपील की है।