लखीसराय में मद्य निषेध विभाग की ताबड़तोड़ छापेमारी, देसी शराब के साथ सात गिरफ्तार

  • Post By Admin on Oct 10 2026
लखीसराय में मद्य निषेध विभाग की ताबड़तोड़ छापेमारी, देसी शराब के साथ सात गिरफ्तार

लखीसराय : बिहार में शराबबंदी कानून को प्रभावी बनाने के लिए मद्य निषेध विभाग लगातार सख्त रुख अपनाए हुए है। इसी क्रम में मद्य निषेध थाना लखीसराय की पुलिस टीम ने 9 अक्टूबर 2026 को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में सघन छापेमारी अभियान चलाकर अवैध शराब बेचने और पीने के आरोप में कुल सात लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।

विभाग द्वारा जारी छापेमारी प्रतिवेदन के अनुसार, पहली कार्रवाई सूर्यगढ़ा थाना क्षेत्र के इंग्लिश वार्ड नंबर 4 में की गई, जहां से अलीनगर इंग्लिश निवासी जगदेव यादव के पुत्र छिदनी उर्फ रौशन कुमार को 8 लीटर चुलाई शराब के साथ रंगेहाथ दबोचा गया। आरोपित इलाके में अवैध शराब बेचने का धंधा कर रहा था। इसके अलावा, जिले के अन्य हिस्सों में शराब का सेवन करने वालों के खिलाफ भी अभियान चलाया गया। लखीसराय उत्पाद थाना के समीप से बलगुदर वार्ड 7 निवासी अरविन्द सिंह के पुत्र शुगम कुमार और शत्रुधन सिंह के पुत्र दीपक कुमार को शराब पीने के आरोप में पकड़ा गया। वहीं, लखीसराय थाना क्षेत्र के इंग्लिश मोहल्ला वार्ड नंबर 2 से पेरू राम के पुत्र शुभम कुमार को भी शराब के नशे में गिरफ्तार किया गया।

कार्रवाई का दायरा बढ़ाते हुए टीम ने हलसी थाना क्षेत्र के कैन्दी वार्ड नंबर 3 में दबिश देकर स्वर्गीय भवानी महतो के पुत्र राजेन्द्र महतो को हिरासत में लिया। उधर तेतरहाट थाना अंतर्गत शर्मा मुसहरी इलाके से भी दो शराबियों—सीताराम ठाकुर के पुत्र गोपाल कुमार और स्वर्गीय शिवनन्दन ठाकुर के पुत्र रामाकान्त ठाकुर को पकड़ा गया। पकड़े गए सभी अभियुक्तों के खिलाफ मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत कानूनी प्रक्रिया पूरी कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।