पटना: प्रख्यात नृत्याचार्य एवं पद्मश्री से सम्मानित गुरु विश्वबंधु की 96वीं जयंती के अवसर पर सोमवार, 23 नवंबर को प्रेमचंद रंगशाला में तीन दिवसीय विश्वबंधु थिएट्रिकल डांस फेस्टिवल का भव्य शुभारंभ हुआ। संस्कृति मंत्रालय के सौजन्य से संस्कार भारती और सुरांगन संस्था की ओर से आयोजित यह महोत्सव 23 से 25 नवंबर तक चलेगा। आयोजन कला, रचनात्मकता, भारतीय नृत्य परंपरा और बिहार की सांस्कृतिक विरासत को समर्पित है।

कार्यक्रम का उद्घाटन वरिष्ठ फिल्म समीक्षक विनोद अनुपम और प्रोश्रुति तेतरवे ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। महोत्सव का उद्देश्य गुरु विश्वबंधु के कला क्षेत्र में अप्रतिम योगदान को याद करना, उनकी विशिष्ट रचनात्मक शैली और प्रयोगधर्मिता से नई पीढ़ी को परिचित कराना तथा उनकी कलात्मक विरासत को आगे बढ़ाना है। महोत्सव की शुरुआत गुरु विश्वबंधु के जीवन और कला यात्रा पर आधारित वृत्तचित्र के प्रदर्शन से हुई। इसमें उनके नृत्य, निर्देशन और रचनात्मक प्रयोगों के साथ बिहार की लोकसंस्कृति को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में उनके योगदान को दर्शाया गया। इस अवसर पर सुरांगन संस्था के वरिष्ठ कलाकार वैद्यनाथ गुप्ता को डॉ. शांति जैन स्मृति सम्मान और युवा नर्तक ओमप्रकाश को विश्वबंधु स्मृति सम्मान प्रदान किया गया। दोनों कलाकारों को अंगवस्त्र, प्रशस्ति पत्र और 11 हजार रुपये की सम्मान राशि का चेक देकर सम्मानित किया गया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की शुरुआत सुरांगन संस्था के कलाकारों की नृत्यांजलि से हुई। इसके बाद गुरु विश्वबंधु की परिकल्पना और पद्मश्री डॉ. शांति जैन की रचना ‘बिहार गौरव गान’ की प्रभावशाली प्रस्तुति दी गई। जितेंद्र चौरसिया के निर्देशन में हुई इस प्रस्तुति में नृत्य और संगीत के माध्यम से बिहार की सांस्कृतिक अस्मिता, गौरवशाली परंपरा और लोकजीवन को अभिव्यक्त किया गया।

महोत्सव की दूसरी प्रमुख प्रस्तुति महाकवि विद्यापति के गीतों पर आधारित नृत्य नाटिका ‘अनंत अनुराग’ रही। इसमें राधा-कृष्ण के प्रेम, विरह और मिलन की भावनाओं को नृत्य एवं संगीत के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। नृत्य नाटिका का संगीत सीताराम सिंह ने तैयार किया था, जबकि निर्देशन जितेंद्र चौरसिया और रुद्र प्रसाद राय ने किया। प्रस्तुति में कृष्ण की भूमिका रुद्र प्रसाद राय और राधा की भूमिका देवतुन्या बेरा ने निभाई। इनके अतिरिक्त स्मिता मजूमदार, विशाल कुमार, रूबी कुमारी, अदिति कुमारी, सुहानी कुमारी सहित करीब 40 कलाकारों ने अपनी प्रतिभा से मंचन को जीवंत बनाया। कार्यक्रम का संचालन किशोर केशव ने किया। तीन दिवसीय यह महोत्सव गुरु विश्वबंधु की रचनात्मक विरासत को याद करने के साथ भारतीय नृत्य परंपरा और बिहार की सांस्कृतिक पहचान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास है।