मुंबई : नए साल से पहले रिलायंस जियो ने अपने ग्राहकों को बड़ा तोहफा देते हुए 'हैप्पी न्यू ईयर 2.0' ऑफर पेश किया है। इसके तहत कंपनी ने अनलिमिटेड 4G और 5G डेटा वाले नए रिचार्ज प्लान लॉन्च किए हैं। इनमें ₹399 का 28 दिनों वाला प्लान और ₹3,999 का सालाना प्लान प्रमुख हैं। दोनों प्लान में अनलिमिटेड डेटा के साथ वॉयस कॉलिंग और प्रतिदिन 100 एसएमएस की सुविधा भी मिलेगी।
कंपनी के नए ₹399 वाले प्लान में ग्राहक 28 दिनों तक बिना डेटा लिमिट की चिंता किए इंटरनेट इस्तेमाल कर सकेंगे। इसमें अनलिमिटेड 4G और 5G डेटा के साथ मुफ्त वॉयस कॉलिंग और रोजाना 100 एसएमएस मिलेंगे। वीडियो देखने, ऑनलाइन गेम खेलने और सोशल मीडिया इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों के लिए यह प्लान खास हो सकता है। वहीं, बार-बार रिचार्ज कराने से बचने वाले ग्राहकों के लिए ₹3,999 का सालाना प्लान पेश किया गया है। इसमें 365 दिनों तक अनलिमिटेड 4G-5G डेटा, मुफ्त वॉयस कॉलिंग और प्रतिदिन 100 एसएमएस की सुविधा मिलेगी। कंपनी ने दोनों प्लान के साथ मनोरंजन, डिजाइन और क्लाउड स्टोरेज से जुड़े डिजिटल लाभ भी शामिल किए हैं।
₹15 और ₹25 में अनलिमिटेड 5G डेटा
जियो ने अपने दूसरे रिचार्ज प्लान इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों के लिए भी अतिरिक्त डेटा की सुविधा दी है। इसके तहत ₹15 के ऐड-ऑन पैक में एक दिन और ₹25 के पैक में दो दिनों तक अनलिमिटेड 5G डेटा मिलेगा। ₹25 वाला पैक 24 नवंबर से उपलब्ध होगा, जबकि ₹15 वाला पैक पहले से उपलब्ध है। इसके अलावा कंपनी ने ₹50 का नाइट डेटा पैक भी पेश किया है। इसमें 28 दिनों तक हर रात 12 बजे से सुबह 5 बजे तक अनलिमिटेड 4G-5G डेटा इस्तेमाल किया जा सकेगा। इस दौरान इस्तेमाल होने वाला डेटा मुख्य रिचार्ज प्लान के डेटा बैलेंस से नहीं कटेगा। यह पैक 26 नवंबर से उपलब्ध होगा।
कैनवा प्रो और जियो हॉटस्टार जैसे डिजिटल फायदे
₹399 वाले प्लान में 12 महीने का कैनवा प्रो सब्सक्रिप्शन दिया जाएगा, जिसकी बताई गई कीमत करीब ₹4,000 है। इसके साथ जियोहॉटस्टार मोबाइल प्लस हॉलीवुड, जियोटीवी के माध्यम से फैनकोड, जियोगेम्स मोबाइल सब्सक्रिप्शन और जियोएआईक्लाउड पर 50 जीबी मुफ्त स्टोरेज की सुविधा मिलेगी। इसके अलावा जस्टडायल लाइट, हाइपरलोकल कूपन और डिजिटल डायरी जैसे लाभ भी शामिल हैं। ₹3,999 वाले सालाना प्लान में 12 महीने का कैनवा प्रो लाइट सब्सक्रिप्शन, जियोहॉटस्टार, फैनकोड और 50 जीबी क्लाउड स्टोरेज जैसे डिजिटल लाभ दिए जाएंगे।
कंपनी के अनुसार, ₹399 और ₹3,999 के नए प्लान 24 नवंबर से मायजियो ऐप, जियो की आधिकारिक वेबसाइट और देशभर के जियो स्टोर व रिटेलर के माध्यम से रिचार्ज के लिए उपलब्ध होंगे। वहीं, ₹50 का नाइट डेटा पैक 26नवंबर से ग्राहक ले सकेंगे।
















