जामनगर : वन्यजीवों के संरक्षण और अवैध तस्करी पर अंकुश लगाने की दिशा में वनतारा ने मेडागास्कर सरकार के साथ 10 साल का समझौता किया है। इस साझेदारी के तहत विदेशों में जब्त किए गए मेडागास्कर मूल के वन्यजीवों को उनके देश वापस लाने, उनका उपचार कराने और अनुकूल परिस्थितियों में प्राकृतिक आवास में छोड़ने में वनतारा सहयोग करेगा। इसके साथ ही स्थानीय वन्यजीव विशेषज्ञों को प्रशिक्षण देने और संरक्षण से जुड़ी क्षमताओं को मजबूत करने पर भी काम किया जाएगा।

इस समझौते का उद्देश्य तस्करी और अन्य कारणों से अपने प्राकृतिक आवास से दूर हो चुके वन्यजीवों के संरक्षण को बढ़ावा देना है। वनतारा वन्यजीवों की स्वास्थ्य जांच, सुरक्षित परिवहन, वैज्ञानिक अनुसंधान और पुनर्वास की प्रक्रिया में तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराएगा। वन्यजीवों को वापस उनके प्राकृतिक आवास में छोड़ने का अंतिम निर्णय मेडागास्कर सरकार का होगा। इस साझेदारी के तहत मेडागास्कर के स्थानीय वन्यजीव विशेषज्ञों को प्रशिक्षण देने की भी योजना है। इसके अलावा वहां राष्ट्रीय वन्यजीव बचाव एवं पुनर्वास केंद्र के निर्माण में सहयोग की संभावनाओं पर भी काम किया जा सकता है। इससे वन्यजीवों के उपचार, देखभाल और पुनर्वास के लिए स्थानीय स्तर पर बेहतर व्यवस्था विकसित करने में मदद मिलेगी।

अंतरराष्ट्रीय प्रकृति संरक्षण संघ (आईयूसीएन) के अनुसार, मेडागास्कर में पाई जाने वाली लीमर प्रजातियों में से करीब 90 प्रतिशत के विलुप्त होने का खतरा है। प्राकृतिक आवास का लगातार नष्ट होना और वन्यजीवों की अवैध तस्करी इनके अस्तित्व के लिए गंभीर चुनौती बनी हुई है। ऐसे में वनतारा और मेडागास्कर सरकार के बीच हुआ यह समझौता इन प्रजातियों के संरक्षण के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

वनतारा के सीईओ विवान करानी ने कहा कि इन प्रजातियों को उनके प्राकृतिक आवास में संरक्षित करना संगठन की दस वर्षीय संरक्षण रणनीति का प्रमुख हिस्सा है। उनकी प्राथमिकता वन्यजीवों के मूल देश में संरक्षण के लिए काम कर रहे लोगों और संस्थाओं को मजबूत करना है। वनतारा के अनुसार, इस समझौते के जरिए उसने भारत के सीआईटीईएस प्रबंधन प्राधिकरण के समक्ष 19 अगस्त को किए गए अपने वादे को भी पूरा किया है। इस पहल से मेडागास्कर के वन्यजीव संरक्षण प्रयासों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सहयोग मिलने की उम्मीद है।