लखीसराय में सड़क दुर्घटनाएं रोकने की पहल, परिवहन विभाग ने चलाया विशेष जांच अभियान
- Post By Admin on Oct 10 2026
लखीसराय : सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए जिला परिवहन विभाग, लखीसराय की ओर से शनिवार को विशेष जांच एवं प्रवर्तन अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान हेलमेट और सीट बेल्ट के इस्तेमाल से लेकर नाबालिगों द्वारा टोटो और ऑटो चलाने तक की जांच की गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले 23 वाहन चालकों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई करते हुए कुल 78,500 रुपए जुर्माना वसूला गया।
परिवहन विभाग के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान के तहत रेलवे स्टेशन और विद्यापीठ चौक पर टोटो एवं ऑटो के परिचालन की जांच की गई। इस दौरान नाबालिग चालकों द्वारा वाहन चलाए जाने की स्थिति पर विशेष ध्यान दिया गया। वहीं, डीएवी मोड़ से बालगुदर तक दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट पहनने और चारपहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट लगाने के नियम का पालन सुनिश्चित कराने पर जोर दिया गया। इसके अलावा ट्रैक्टरों के आवश्यक कागजातों की जांच की गई। बसों की छतों पर यात्रियों को अनधिकृत रूप से ले जाने और वाहनों की निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन करने जैसे मामलों पर भी नजर रखी गई।
परिवहन विभाग की टीम ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की आवश्यकता से अवगत कराया। अभियान का उद्देश्य नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करने के साथ-साथ लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना भी है। जिला परिवहन विभाग के इस अभियान के माध्यम से वाहन चालकों को हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य इस्तेमाल, वैध वाहन दस्तावेज रखने तथा सुरक्षित गति से वाहन चलाने का संदेश दिया गया। विभाग की ओर से चलाए गए विशेष जांच अभियान में नियमों का पालन सुनिश्चित कराने पर जोर रहा।