लखीसराय में छापेमारी कर उत्पाद पुलिस ने 4 धंधेबाजों को पकड़ा, चुलाई व विदेशी शराब जब्त
- Post By Admin on Oct 02 2026
लखीसराय : बिहार में पूर्ण शराबबंदी को प्रभावी ढंग से लागू करने के उद्देश्य से मद्य निषेध थाना लखीसराय की पुलिस टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में सघन छापेमारी अभियान चलाया। 1 अक्टूबर 2026 को की गई इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो महिलाओं समेत कुल चार शराब धंधेबाजों को रंगे हाथ दबोच लिया। आरोपियों के कब्जे से कुल 8 लीटर देसी चुलाई शराब तथा 14.400 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई है।
उत्पाद पुलिस की टीम ने पहली कार्रवाई हलसी थाना क्षेत्र के कोनाग मुसहरी (वार्ड संख्या 14) में की, जहां से अवैध रूप से चुलाई शराब बेचने के आरोप में दो महिलाओं को पकड़ा गया। इनमें सुरेंद्र मांझी की पत्नी कविता कुमारी तथा स्वर्गीय डोमन मांझी की पत्नी सरोजनी देवी शामिल हैं। दोनों के पास से 3-3 लीटर देसी चुलाई शराब बरामद हुई।
इसके बाद टीम ने खगौर (वार्ड संख्या 02) में छापेमारी कर किऊल थाना क्षेत्र निवासी स्वर्गीय मकेश्वर यादव के पुत्र अमित कुमार को 2 लीटर चुलाई शराब के साथ गिरफ्तार किया। वहीं तीसरी कार्रवाई मननपुर बाजार (वार्ड संख्या 09) में की गई, जहां से चानन थाना क्षेत्र निवासी स्वर्गीय वीरू चौहान के पुत्र सुरज कुमार को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उसके पास से 14.400 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। मद्य निषेध विभाग ने सभी आरोपियों के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।