लखीसराय: साबिकपुर बना नजीर, ग्राम सभा में सर्वसम्मति से पारित हुआ 'बाल विवाह मुक्त ग्राम' का प्रस्ताव
- Post By Admin on Oct 02 2026
लखीसराय : प्रखंड अंतर्गत साबिकपुर पंचायत के साबिकपुर गांव में आयोजित विशेष ग्राम सभा में सामाजिक बदलाव की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया। पंचायत की मुखिया श्रीमती नीलम देवी की अध्यक्षता में संपन्न हुई इस बैठक में साबिकपुर को 'बाल विवाह मुक्त ग्राम' घोषित करने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया। सभा की शुरुआत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई, जबकि कार्यक्रम का संचालन पंचायत सचिव सुनील प्रजापति ने किया।
बैठक के दौरान पंचायत विकास योजना के साथ-साथ स्थानीय आवश्यकताओं और प्राथमिकताओं पर विस्तार से चर्चा हुई। इस अवसर पर महिला सशक्तिकरण केंद्र के जिला मिशन समन्वयक प्रशांत कुमार ने ग्रामीणों को बाल विवाह के कानूनी पहलुओं और इसके सामाजिक-शारीरिक दुष्प्रभावों से अवगत कराया। उन्होंने टोल फ्री महिला हेल्पलाइन नंबर 181 की उपयोगिता साझा करते हुए बताया कि 'बाल विवाह मुक्त भारत अभियान' के तहत जिस गांव में जनवरी 2025 से अब तक एक भी बाल विवाह नहीं हुआ है, उसे बाल विवाह मुक्त घोषित करने का प्रस्ताव लाया जा सकता है। उन्होंने प्रक्रिया स्पष्ट करते हुए कहा कि ग्राम सभा से पारित प्रस्ताव को पहले सहायक बाल विवाह निषेध पदाधिकारी सह बीडीओ और अंत में अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) के समक्ष अंतिम स्वीकृति हेतु प्रस्तुत किया जाएगा।
ग्राम सभा में लैंगिक विशेषज्ञ किस्मत कुमारी ने उपस्थित ग्रामीणों को बाल विवाह रोकने का सामूहिक संकल्प दिलाया। साथ ही 'नशा मुक्त भारत अभियान' के तहत नशे से दूर रहने की भी शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में कवच परियोजना (सेंटर डायरेक्ट) के बाल संरक्षण विशेषज्ञ चंद्रशेखर सिंह, बाल संरक्षण अभिसरण विशेषज्ञ प्रसून कुणाल, ग्राम कचहरी सचिव सृष्टि कुमारी समेत बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।