लखीसराय के कबीर मठ में गांधी-शास्त्री जयंती और पितृपक्ष पर पर्यावरण भारती ने किया पौधारोपण
- Post By Admin on Oct 02 2026
लखीसराय : जिले के चानन स्थित कबीर मठ, कुंदर में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के साथ-साथ मां तारा देवी की पुण्य स्मृति के अवसर पर पर्यावरण भारती द्वारा पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अभियान का नेतृत्व पर्यावरण प्रहरी संजीत कुमार यादव ने किया। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कबीर मठ परिसर में देव वृक्ष पीपल के एक, फलदार वृक्ष आम के तीन और कटहल के तीन पौधे रोपे गए।
पर्यावरण भारती के संस्थापक राम बिलास शाण्डिल्य ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पितृपक्ष और पर्यावरण के गहरे संबंध को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि पितृपक्ष के दौरान देश-विदेश से लोग विश्व प्रसिद्ध गया जी में पिंडदान करने आते हैं और अपने पितरों की स्मृति में पीपल, बरगद व फलदार वृक्ष आम में जल अर्पित करते हैं। उन्होंने आगे बताया कि पीपल, बरगद, गूलर और पाकड़ जैसे देव वृक्षों के विस्तार में पक्षियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है, यही कारण है कि पितृपक्ष में पक्षियों को दाना-पानी देने की परंपरा रही है। इसी कड़ी में मां तारा देवी की स्मृति में उनके पुत्र सुनील कुमार ने पीपल का पौधा लगाकर लोगों को पूर्वजों की याद में पौधारोपण करने का संदेश दिया।
समारोह के दौरान देश के महापुरुषों के योगदान को भी श्रद्धापूर्वक स्मरण किया गया। पर्यावरण प्रहरी हिमालय ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के जीवन पर प्रकाश डालते हुए बताया कि 2 अक्टूबर 1904 को मुगलसराय में जन्मे शास्त्री जी ने 1965 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के समय ‘जय जवान, जय किसान’ का ऐतिहासिक नारा दिया था। वहीं पर्यावरणविद संजीत कुमार यादव ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के जीवन और स्वतंत्रता संग्राम में उनके सत्य व अहिंसा के सिद्धांतों को याद करते हुए युवाओं से उनके पदचिह्नों पर चलने का आह्वान किया।
इस हरित अभियान में शंकर दास, कौशलजीत, नीतिश, ऋचा यादव, वीणा देवी, दिनेश गुप्ता, राम बिलास शाण्डिल्य, सुनील कुमार, हिमालय, दीपक सुन्दरम, शैलेन्द्र कुमार और अनिल कुमार सहित कई स्थानीय पर्यावरण प्रेमियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।