IOC ने सराहा रिलायंस फाउंडेशन का प्रयास, 1.2 करोड़ बच्चों तक पहुंचे ओलंपिक मूल्य
- Post By Admin on Mar 07 2026
नई दिल्ली: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर इंटरनेशनल ओलंपिक कमेटी (IOC) ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर प्रकाशित एक विशेष लेख में महिलाओं द्वारा ओलंपिक मूल्यों को आगे बढ़ाने की वैश्विक पहलों को रेखांकित किया है। इस लेख में भारत में रिलायंस फाउंडेशन के सहयोग से संचालित कार्यक्रम को एक प्रमुख उदाहरण के रूप में प्रस्तुत किया गया है, जिसने लाखों बच्चों को खेल भावना और जीवन मूल्यों से जोड़ने का काम किया है।
ओलंपिक वैल्यूज एजुकेशन प्रोग्राम का व्यापक प्रभाव
IOC के अनुसार ओलंपिक वैल्यूज एजुकेशन प्रोग्राम (OVEP) के माध्यम से भारत में बच्चों के बीच खेल भावना, सम्मान, निष्पक्षता और टीमवर्क जैसे मूल्यों को बढ़ावा देने का अभियान तेजी से आगे बढ़ रहा है। वर्ष 2024 से शुरू हुआ यह कार्यक्रम अब तक देश के 65 हजार से अधिक स्कूलों में पहुंच चुका है और करीब 1.2 करोड़ बच्चों को इससे जोड़ा गया है।
ग्रामीण क्षेत्रों और आंगनवाड़ी केंद्रों तक पहुंच
IOC और रिलायंस फाउंडेशन के सहयोग से इस पहल का विस्तार ग्रामीण क्षेत्रों और निम्न आय वर्ग के समुदायों तक भी किया गया है। देश के लगभग 120 आंगनवाड़ी केंद्रों में महिलाओं ने अब तक 1200 से अधिक OVEP सत्र आयोजित किए हैं। इन सत्रों के माध्यम से बच्चों को खेल और जीवन मूल्यों से जोड़ने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। IOC के लेख में मध्य प्रदेश के एक आंगनवाड़ी केंद्र से जुड़ी छात्रा रूचि का उदाहरण भी दिया गया है, जिसमें बताया गया है कि खेल और मूल्य आधारित गतिविधियों ने बच्चों, विशेष रूप से लड़कियों में आत्मविश्वास और सक्रिय भागीदारी को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
नीता अंबानी की भूमिका उल्लेखनीय
भारत में ओलंपिक आंदोलन को आगे बढ़ाने में रिलायंस फाउंडेशन की चेयरपर्सन और इंटरनेशनल ओलंपिक कमेटी की सदस्या नीता अंबानी की भूमिका भी उल्लेखनीय बताई गई है। उन्होंने खेल और ओलंपिक मूल्यों को समाज के व्यापक वर्ग तक पहुंचाने के लिए कई पहल की हैं और युवाओं को खेल से जोड़ने के प्रयासों में सक्रिय भूमिका निभाई है।
वैश्विक स्तर पर भी हो रही पहल
IOC के इस लेख में भारत के साथ-साथ सऊदी अरब, सेनेगल और इटली में महिलाओं द्वारा संचालित पहलों का भी उल्लेख किया गया है। इन देशों में भी शिक्षा और समुदाय के माध्यम से ओलंपिक मूल्यों को बढ़ावा देने के प्रयास किए जा रहे हैं। IOC ने इन पहलों को खेल और सामाजिक विकास के बीच मजबूत सेतु बताते हुए कहा है कि महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से ओलंपिक मूल्यों को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण मदद मिल रही है।