अरब सागर में ईरानी नाव से 526 किलो ड्रग्स जब्त, पांच पाकिस्तानी नागरिक गिरफ्तार

  • Post By Admin on Sep 30 2026
अरब सागर में ईरानी नाव से 526 किलो ड्रग्स जब्त, पांच पाकिस्तानी नागरिक गिरफ्तार

नई दिल्ली : भारतीय तटरक्षक बल और गुजरात आतंकवाद निरोधक दस्ते ने अरब सागर में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ईरानी नाव से करीब 526 किलोग्राम ड्रग्स बरामद की है। अधिकारियों के मुताबिक जब्त किए गए मादक पदार्थों में हेरोइन और मेथामफेटामाइन शामिल हैं, जिनकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 3,000 करोड़ रुपए से अधिक आंकी गई है। कार्रवाई के दौरान नाव पर सवार पांच पाकिस्तानी नागरिकों को भी पकड़ा गया है।

अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई 25 सितंबर को लक्षद्वीप के पश्चिम में अरब सागर में की गई। खुफिया सूचना मिलने के बाद भारतीय तटरक्षक बल ने समुद्र और हवाई निगरानी के जरिए संदिग्ध नाव की गतिविधियों पर नजर रखी। इसके बाद नाव का पीछा कर उसे रोका गया और सुरक्षाकर्मियों ने उस पर सवार होकर तलाशी ली।

तलाशी के दौरान बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थ बरामद हुए। बरामद खेप में उच्च गुणवत्ता वाली हेरोइन और मेथामफेटामाइन शामिल होने की जानकारी सामने आई है। नाव, पकड़े गए लोगों और बरामद मादक पदार्थों को सुरक्षा के बीच मुंबई लाया गया है, जहां विभिन्न एजेंसियां आगे की पूछताछ और कानूनी कार्रवाई कर रही हैं।

जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इतनी बड़ी खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। साथ ही इसके पीछे सक्रिय तस्करी नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।