लखीसराय में 25 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार, हत्या मामले में लंबे समय से था फरार
- Post By Admin on Jun 24 2026
लखीसराय : लखीसराय पुलिस ने सूरजगढ़ा थाना क्षेत्र में दर्ज हत्या के एक चर्चित मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 25 हजार रुपये के इनामी फरार आरोपी पंकज कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी।
पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 20 दिसंबर 2024 को रंजू कुमारी ने अपने पति ओमप्रकाश सिंह उर्फ पप्पू सिंह की हत्या के संबंध में सूरजगढ़ा थाना कांड संख्या 338/24 दर्ज कराया था। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं तथा आर्म्स एक्ट के तहत चार आरोपियों को नामजद किया गया था। मामला दर्ज होने के बाद एक आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था, जबकि मुन्ना कुमार और पंकज कुमार घटना के बाद से फरार चल रहे थे। पुलिस ने दोनों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए। फरार रहने के कारण न्यायालय से दोनों के खिलाफ स्थायी वारंट जारी कराया गया और जिला पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में गठित विशेष टीम लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी। इसी अभियान के दौरान 23 जून 2026 को फरार एवं इनामी आरोपी पंकज कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया।गिरफ्तार आरोपी की पहचान पंकज कुमार, पिता स्वर्गीय राधे प्रसाद सिंह, निवासी पचपेड़, थाना सूरजगढ़ा, जिला लखीसराय के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके विरुद्ध वर्ष 2006, 2017 और वर्ष 2024 में सूरजगढ़ा थाना में मारपीट, हत्या, आर्म्स एक्ट तथा अन्य गंभीर धाराओं के तहत कई मामले दर्ज हैं।
लखीसराय पुलिस ने बताया कि इस कांड का दूसरा फरार आरोपी मुन्ना कुमार अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। उसकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया गया है। इस कार्रवाई में सूरजगढ़ा थाना के थानाध्यक्ष रोहित कुमार, थाना के सशस्त्र बल तथा डीआईयू एवं एसटीएफ लखीसराय की टीम शामिल रही।