दिवाली से पहले दिल्ली पुलिस में बड़े फेरबदल, छह आईपीएस अधिकारियों का स्थानांतरण

  • Post By Admin on Oct 07 2025
दिवाली से पहले दिल्ली पुलिस में बड़े फेरबदल, छह आईपीएस अधिकारियों का स्थानांतरण

नई दिल्ली : दिवाली से पहले सुरक्षा और प्रशासनिक तैयारियों के तहत केंद्रीय गृह मंत्रालय ने मंगलवार को दिल्ली पुलिस में छह आईपीएस अधिकारियों का तबादला कर दिया है। इस आदेश के तहत आधा दर्जन अधिकारियों को दिल्ली से अन्य राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में स्थानांतरित किया गया।

एजीएमयूटी कैडर के तीन अधिकारियों को जम्मू-कश्मीर में और अन्य अधिकारियों को अरुणाचल प्रदेश में तैनात किया गया है। गृह मंत्रालय के पत्र के अनुसार, चेप्याला अंजीथा को अरुणाचल प्रदेश, सुकांत शैलजा बल्लभ को जम्मू-कश्मीर और सुखराज कटेवा को अरुणाचल प्रदेश भेजा गया। वहीं, कृष्ण कुमार और कमल पाल सिंह मल्होत्रा का तबादला दिल्ली से जम्मू-कश्मीर कर दिया गया, जबकि पंकज कुमार अरुणाचल प्रदेश तैनात होंगे।

साथ ही, वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी प्रवीण कुमार त्रिपाठी पुडुचेरी से दिल्ली पुलिस में शामिल होंगे। मंत्रालय ने कहा कि कृष्ण कुमार और पंकज कुमार के स्थानांतरण आदेश 1 अप्रैल 2026 से प्रभावी होंगे।

यह बदलाव दिल्ली पुलिस में नए आयुक्त सतीश गोलचा के कार्यभार संभालने के कुछ महीनों के भीतर हुए हैं। गोलचा ने अपने कार्यभार संभालते ही राजधानी में कानून-व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा जैसे अहम मुद्दों पर ध्यान केंद्रित किया।

गौरतलब है कि 1992 बैच के आईपीएस गोलचा को विशेष पुलिस आयुक्त (खुफिया), विशेष पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था), अरुणाचल प्रदेश पुलिस महानिदेशक और सीबीआई में विभिन्न प्रमुख मामलों की जांच के लिए जाना जाता है।

इस फेरबदल से दिवाली से पहले दिल्ली पुलिस की तैयारियों और प्रशासनिक ढांचे में नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।