10 लाख लड़कियों को आत्मनिर्भर बनाने की पहल, रिलायंस फाउंडेशन ने एस्टी लॉडर से मिलाया हाथ
- Post By Admin on Oct 14 2026
मुंबई : देश की 10 लाख लड़कियों और युवा महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने तथा उनके लिए शिक्षा और रोजगार के नए रास्ते खोलने के उद्देश्य से रिलायंस फाउंडेशन ने एस्टी लॉडर कंपनिज चैरिटेबल फाउंडेशन के साथ बहुवर्षीय साझेदारी की है। इस पहल के तहत 14 से 20 वर्ष की लड़कियों को जीवन कौशल, डिजिटल तकनीक और वित्तीय जानकारी देने के साथ आगे की पढ़ाई, प्रशिक्षण और रोजगार के अवसरों से परिचित कराया जाएगा।
कार्यक्रम की शुरुआत महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश से करने की योजना है। इसके बाद इसे देश के अन्य हिस्सों तक विस्तारित किया जाएगा। पहल का मुख्य उद्देश्य लड़कियों को अपनी क्षमता पहचानने, आत्मविश्वास के साथ फैसले लेने और भविष्य के लिए बेहतर विकल्प चुनने में सक्षम बनाना है। रिलायंस फाउंडेशन की निदेशक ईशा अंबानी ने इस पहल को लड़कियों के सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि हर लड़की को बड़े सपने देखने, नेतृत्व करने और अपनी आकांक्षाओं को पूरा करने का अवसर मिलना चाहिए। उनके अनुसार, इस साझेदारी के माध्यम से बड़ी संख्या में लड़कियों को आगे बढ़ने और अपनी क्षमताओं का बेहतर इस्तेमाल करने के लिए आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
इस कार्यक्रम में केवल किताबी ज्ञान तक सीमित रहने के बजाय व्यावहारिक कौशल पर भी ध्यान दिया जाएगा। लड़कियों को रोजमर्रा की चुनौतियों का सामना करने, सही निर्णय लेने और नेतृत्व क्षमता विकसित करने के लिए प्रशिक्षित किया जाएगा। साथ ही डिजिटल साधनों और वित्तीय सेवाओं का सुरक्षित इस्तेमाल करने की जानकारी भी दी जाएगी। पहल के तहत युवतियों को उच्च शिक्षा, कौशल प्रशिक्षण, नौकरी, आजीविका और स्वरोजगार से जुड़े विकल्पों के बारे में बताया जाएगा। प्रशिक्षण की व्यवस्था प्रत्यक्ष और डिजिटल, दोनों माध्यमों से करने की योजना है, ताकि अधिक से अधिक लड़कियां इसका लाभ उठा सकें।
एस्टी लॉडर कंपनिज के अध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी अधिकारी स्टेफान दे ला फेवरे ने कहा कि रिलायंस फाउंडेशन के साथ साझेदारी से भारत की लड़कियों और युवा महिलाओं के लिए नए अवसर तैयार करने में मदद मिलेगी। उन्होंने आधुनिक कार्यक्षेत्र की जरूरतों के अनुरूप कौशल विकसित करने के महत्व पर जोर दिया। रिलायंस फाउंडेशन वर्ष 2010 से महिलाओं और लड़कियों की शिक्षा, खेल, आजीविका और अन्य क्षेत्रों में अवसर बढ़ाने के लिए काम कर रहा है। नई साझेदारी इसी प्रयास को आगे बढ़ाने की दिशा में एक कदम है। इसके माध्यम से लड़कियों को अपने भविष्य की बेहतर योजना बनाने, उपलब्ध विकल्पों को समझने और शिक्षा तथा रोजगार से जुड़े फैसले अधिक आत्मविश्वास के साथ लेने में सहायता देने पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।