ठाणे : महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को एक युवक ने विडियो बनाकर जान से मारने की धमकी दी है। यह विडियो सोशल मीडिया पर अब तेजी से वायरल हो रहा है। ठाणे पुलिस ने इस विडियो के आधार पर 26 वर्षीय युवक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। आरोपी की पहचान हितेश धेंडे के रूप में हुई है, जो ठाणे शहर के वारली पाडा का निवासी है। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है, लेकिन अब तक गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।
श्रीनगर पुलिस थाने के वरिष्ठ निरीक्षक गुलजारी लाल फडतरे ने बताया कि आरोपी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के खिलाफ अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया और उन्हें जान से मारने की धमकी दी थी। पुलिस ने शिवसेना के एक कार्यकर्ता की शिकायत के बाद रविवार को आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (IPC) की प्रासंगिक धाराओं में मामला दर्ज किया। मामले की जांच अभी जारी है और पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
वहीं एकनाथ शिंदे ने राज्य के 2024 विधानसभा चुनाव के नतीजों को अपने विरोधियों के मुंह पर तमाचा करार दिया। शिंदे ने कहा, “जिन्होंने निर्वाचन आयोग और सुप्रीम कोर्ट तक की आलोचना की थी, उनके लिए यह नतीजे एक बड़ा संदेश हैं।” उन्होंने अपनी पार्टी शिवसेना (एकनाथ शिंदे गुट) के कई नए नेताओं का स्वागत करते हुए कहा कि उनकी पार्टी लगातार मजबूत हो रही है।






















