पशुपालकों के लिए खुशखबरी, नर बछड़े खरीद रही सरकार
- Post By Admin on Apr 10 2025

कांगड़ा : जिले में पशुपालन क्षेत्र से एक ऐतिहासिक खबर सामने आई है, जहां संतान परीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत पहली बार प्रदेश में एक नर बछड़े को सरकारी स्तर पर खरीदा गया है। इस कदम को न केवल स्थानीय पशुपालकों को प्रोत्साहित करने के रूप में देखा जा रहा है, बल्कि इससे प्रदेश में पशुधन की गुणवत्ता में भी क्रांतिकारी सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।
जिले के कछियारी गांव के हर्मिंदर सिंह की जर्सी गाय से जन्मे इस नर बछड़े को पशुपालन विभाग ने चयनित किया है। यह गाय विशेष रूप से प्रसिद्ध है क्योंकि यह प्रतिदिन 30 लीटर से अधिक दूध देती है और इसके वीर्य तृण का प्रयोग उच्च गुणवत्ता वाले नामित तृण के रूप में किया गया था।
इस बछड़े को खरीदने से पहले पशुपालन विभाग द्वारा विभिन्न प्रकार के परीक्षण किए गए, जिनमें 5 से 6 बीमारियों, डीएनए और पितृत्व परीक्षण शामिल थे। इन सभी मापदंडों पर बछड़ा खरा उतरने के बाद विभाग ने इसे 1 अप्रैल को हर्मिंदर सिंह के घर से खरीदा।
अब इस बछड़े को पालमपुर के क्वारंटाइन सेंटर भेजा गया है, जहां आगे भी वैज्ञानिक परीक्षण किए जाएंगे और फिर इसे राष्ट्रीय ग्रिड में शामिल कर वीर्य तृण केंद्रों में भेजा जाएगा।
पशुपालन विभाग के अधिकारी डॉ. संदीप मिश्रा ने बताया कि जर्सी गाय की बढ़ती लोकप्रियता के चलते कांगड़ा क्षेत्र में दूध उत्पादन की क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। यही कारण है कि पंजाब, हरियाणा, जम्मू और केरल जैसे राज्यों से लोग जर्सी नस्ल की बछड़ियों को खरीदने आ रहे हैं।
इस सफल परीक्षण के बाद यह नर बछड़ा देशभर में फैलने वाले उन्नत वीर्य तृण केंद्रों में भेजा जाएगा, जिससे पूरे भारत में इसकी आनुवंशिक श्रेष्ठता का लाभ मिल सकेगा।
डॉ. मिश्रा ने कहा कि यह हिमाचल प्रदेश के लिए गर्व का विषय है कि कांगड़ा जिले से एक नर बछड़े को राष्ट्रीय स्तर पर चुना गया है। इससे पशुपालकों को आत्मनिर्भरता मिलेगी और उच्च दूध उत्पादन की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।